September 5, 2026

शिवांश की मौत मामले में सरकार को भी दोषी मानता है सवाल संगठन


बागेश्वर। सवाल संगठन ने 14 माह के शिवांश की मौत के मामले में सरकार को भी दोषी ठहराया है। संगठन के अध्यक्ष रमेश पांडेय कृषक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने एक साल पहले मामले में संवेदनशीलता दिखाई होती तो पीड़ित परिवार को न्याय के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि बागेश्वर अस्पताल की कथित लापरवाही के कारण शिवांश की मौत हुई। इसके बावजूद उसके पिता को न्याय के लिए न्यायपालिका की शरण लेनी पड़ी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश करवाने पड़े। उन्होंने कहा कि यदि शिवांश के पिता जागरूक होकर मामले को आगे नहीं बढ़ाते तो यह मामला एक साल पहले ही दबा दिया गया होता।रमेश पांडेय ने मुख्यमंत्री पर मामले को रफा-दफा होने देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे सरकार की जनता के प्रति संवेदनशीलता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में जनता से माफी मांगने की मांग की।