बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की मांग को लेकर पदयात्रा जारी, पांचवें दिन घर-घर जनजागरण
रुद्रपुर । बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग को लेकर 15 अगस्त से शुरू हुई जनजागरण पदयात्रा बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रही। भादो की तेज धूप और उमस के बावजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने पदयात्रा में भाग लेकर घर-घर पहुंचकर लोगों को आंदोलन से जुड़ने के लिए जागरूक किया। पदयात्रा मां हाटकालिका मंदिर, इंदिरा नगर-2 से शुरू होकर इंदिरानगर गब्दा के मंदिर में संपन्न हुई। वन अधिकार संगठन, पूर्व सैनिक संगठन, राज्य आंदोलनकारी और विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। यहां ग्रामीणों से बिंदुखत्ता के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए हर परिवार की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।वक्ताओं ने कहा कि राजस्व ग्राम का दर्जा केवल प्रशासनिक मांग नहीं, साथ ही पंचायत, विकास और मूलभूत नागरिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। पदयात्रा में वन अधिकार संगठन अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, वन अधिकार समिति अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, संयोजक दीपक जोशी एडवोकेट सहित बलवंत बिष्ट, भरत नेगी, भगवान सिंह धामी, नंदन बोरा, सुशील यादव, नवीन जोशी, भूपेश जोशी, ममता बिष्ट, राधा दानू, संध्या डालाकोटी, दीपक रौतेला मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि पदयात्रा बिंदुखत्ता के हर गांव और घर तक पहुंचाई जाएगी। आगामी 27 सितंबर को शहीद स्मारक स्थल पर विशाल जनसभा और रैली आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर राजस्व ग्राम की मांग के लिए मजबूत जनमत तैयार करना है।
