Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

सीएम को ज्ञापन देने जा रहे ठुकराल को पुलिस ने हिरासत में लिया


रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं से संबंधित ज्ञापन देने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिटी क्लब के पास से हिरासत में ले लिया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई का विरोध किया। ठुकराल का कहना था कि वह मुख्यमंत्री का विरोध करने नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं से उन्हें अवगत कराने और ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए ठुकराल और उनके समर्थकों को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से कोतवाली पहुंचाया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रुद्रपुर रवाना होने के बाद ठुकराल और उनके समर्थकों को छोड़ दिया गया।
गुरुवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सिटी क्लब में अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे। सूचना मिलने पर एलआईयू और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। ठुकराल जैसे ही कार से कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़े, पुलिसकर्मियों ने उनकी कार रोक ली। ज्ञापन देने की बात पर ठुकराल के अड़े रहने पर पुलिस ने उन्हें और कांग्रेस प्रदेश सचिव दिनेश पंत, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, दिनेश कोली, राम सेवक कोली, आनंद शर्मा और सुनील चुघ समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। ठुकराल ने पुलिस की कार्रवाई को जनता की आवाज दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल लंबे समय से महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू नहीं होने पर भी चिंता जताई। ठुकराल ने कहा कि भाजपा सरकार में जनहित के मुद्दों को दबाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी।
एआई से छवि धूमिल करने का आरोप
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सन्दीप सिंह नाम की फेसबुक आईडी से एआई का दुरुपयोग कर कूटरचित और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस सामग्री के जरिए उनकी व्यक्तिगत, सामाजिक और राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। ठुकराल ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए एसएसपी को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा कूटरचित सामग्री सोशल मीडिया से हटवाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने कलेक्ट्रेट में एसआईआर के दौरान हुए विवाद के मामले में पूर्व में दी गई तहरीर पर भी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

Advertisement