कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया भूमि घोटाले का आरोप
देहरादून । सीएम धामी के जन्मदिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी ने हर जिले में भूमि घोटाले को लेकर प्रेसवार्ता की गई। बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा सरकार जल्दी ही रुद्रप्रयाग जिले के लोक निर्माण विभाग के महत्वपूर्ण तीन निरीक्षण भवनों दुग्गल बिट्ठा, फाटा और गुप्तकाशी को औने-पौने दामों में अपने चहेतों को निलाम कर देगी। रुद्रप्रयाग जिले के ये तीनों निरीक्षण भवन उन स्थानों पर हैं जहां पर कोई भूमि ही उपलब्ध नहीं है, इसलिए ये भूमियां बेशकीमती हैं और केदार घाटी की धरोहर भी हैं।महामंत्रीसंगठन राजेंद्र भंडारी और प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अभी तक यूआईआईडीबी को 1200 एकड़ भूमि याने 6000 बीघा से अधिक सरकारी विभागों की जमीन देने के प्रस्तावों को हस्ताक्षर कर स्वीकृति दे चुके हैं। भाजपा की धामी सरकार ने इससे पहले 2023 को मसूरी स्थित पार्क एस्टेट (हाथीपांव) की 30 हजार करोड़ बाजार भाव की लगभग 142 एकड़ सरकारी भूमि को ‘राजस एरो स्पोर्ट्स एण्ड एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड’ को 15 सालों के लिए केवल 1 करोड़ रुपया प्रति साल की लीज पर दे दिया था।
