अभियंत्रण विभागों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश
बागेश्वर। जिलाधिकारी ने जनपद में सड़कों की स्थिति और गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, ब्रिडकुल, वेकोस समेत विभिन्न अभियंत्रण विभागों के अधिकारियों से सड़क मरम्मत कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी ली। बुधवार को कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम ने अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि जिले की सभी सड़कों को 16 अक्टूबर से पहले गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने को कहा। गड्ढामुक्त अभियान के तहत चिन्हित स्थानों पर प्राथमिकता से कार्य कराने के साथ ही अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी समेत पीएमजीएसवाई, लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग, ब्रिडकुल, वेकोस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
