बीएड टीईटी शिक्षकों का धरना जारी
????????????????????????????????????
देहरादून, ( आखरीआंख ) बीएड टीईटी प्रथम प्रशिक्षित महासंघ ने नियुक्ति व संशोधित नियमावली का शासनादेश जारी किये जाने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय में प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना जारी रखा। यहां महासंघ से जुड़े हुए प्रशिक्षित बेरोजगार शिक्षा निदेशालय पर अध्यक्ष राजीव राणा के नेतृत्व में इकट्ठा हुए और वहां पर धरना दिया। इस अवसर वक्ताओं ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा सेवा नियमावली में किये गये पंचम संशोधन को यदि राज्य सरकार निरस्त नहीं करती है तो महासंघ उग्र आंदोलन करेगा। वक्ताओं ने कहा कि लगातार उनके हितों की अनदखी की जा रही है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्ति हेतु इसी माह को उत्तराखंड सरकार द्वारा सेवा नियमावली को संशोधित कर चयन प्रक्रिया में उनके बिन्दुओं में बदलाव किया गया है जिससे प्रदेश के हजारों बीएड टीईटी प्रशिक्षित बेरोजगार आहत हैं, क्योंकि वर्तमान नियमावली में प्रशिक्षिण वर्ष की ज्येष्ठता को आधार नहीं बनाया गया है जबकि चयन प्रक्रिया में टीईटी की श्रेष्ठता को नियुक्ति का आधार बनाया गया है। वक्ताओं ने कहा कि जबकि एनसीटीई ने सुप्रीम कोर्ट में अपने एक हलफनामे में यह स्पष्ट किया है कि टीईटी मात्र एक पात्रता परीक्षा है इसे चयन का आधार नहीं बनाया जा सकता है यह न्यायिक सिद्धांतों के विरूद्ध है और सरकार के इस तानाशाही निर्णय से प्रशिक्षित आहत हैं। इस अवसर पर अनेक प्रशिक्षित बेरोजगार शामिल थे।
