Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

कांग्रेस ने जलाया राज्य सरकार का पुतला

बागेश्वर। सीधी भर्ती के लिए आरक्षण रोस्टर में फेरबदल से कांग्रेसियों में गुस्सा है। उन्होंने अनुसूचित जाति के पद को एक से हटाकर छठें स्थान पर करने का विरोध जताया। एसबीआई तिराहे पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। सरकार से जल्द फैसले को वापस लेने की मांग की। उन्होंने मांग नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश महामंत्री हरीश चंद्र त्रिकोटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि सरकार ने सीधी भर्ती प्रक्रिया के लिए आरक्षण रोस्टर में नीति कर एससी के पद को पहले से छठें स्थान पर डाल दिया है। जिसका पार्टी पूर्ण विरोध करती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शासनादेश से गरीब वर्ग को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन कर शासनादेश जारी करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने प्रदेश सरकार से जल्द इस फैसले को वापस लेने की मांग की। कहा कि सरकार नहीं मानी तो कांग्रेस उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। इस मौके पर दीपक कोली, रणजीत कुमार दास, ईश्वर पांडे, विनोद पाठक, संजय चन्याल, बहादुर सिंह बिष्ट, नवीन चंद्र टटा, गणेश आर्या आदि मौजूद रहे।

Advertisement