माल रोड में लगा जाम, सैकड़ों वाहन आधे घंटे तक फंसे रहे
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा माल रोड में निर्माण कार्य के चलते रविवार को जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक सेना के दो वाहन, कोतवाली पुलिस की गाड़ी समेत सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। इस कारण मार्ग में चलने वाले पैदल राहगीरों समेत वाहनों से यात्रा रहे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां माल रोड में सड़क किनारे नालियों का कुछ समय से निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिस कारण आये दिन जाम की समस्या बनी रहती है। सोमवार से लेकर शनिवार तक सप्ताह में छह दिन माल रोड में दिन के समय वन वे की व्यवस्था लागू की गई है। जबकि रविवार को दोनों ओर से मार्ग यातायात के लिये खुला रहता है। लेकिन माल रोड में नालियों के निर्माण के चलते दोनों ओर से वाहनों को ले जा पाना संभव नहीं हो रहा है। रविवार की दिन में करीब 2 बजे माल रोड में एकाएक जाम की समस्या पैदा हो गई। जाम लगने से मार्ग में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिला अस्पताल से लेकर जीआईसी के समीप गुसाईं हॉस्पिटस के पास तक सड़क में सैकड़ों वाहन जाम में फंस गये। लोनिवि प्रांतीय खंड कार्यालय के पास दो सेना के वाहन भी जाम में फंसे रहे। केमू स्टेशन के पास कोतवाली पुलिस की गाड़ी भी जाम में फंसी दिखी। जाम लगने से बाद सेना के कुछ जवान भी सड़क पर उतरकर जाम खुलवाते नजर आये। इस दौरान पुलिस ने कड़ी मेहनत कर जाम खुलवाया। तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
