बागेश्वर में अराजक तत्वों ने स्कूल का ताला तोड़ डाला
बागेश्वर। लॉकडाउन के दौरान बंद विद्यालय में अराजक तत्वों ने धावा बोलकर क्रीड़ा कक्ष का ताला तोड़ डाला। उन्होंने भीतर रखी खेल सामग्री, योगा मैट सहित अन्य सामान पर हाथ साफ किया। विद्यालय प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने स्कूल का निरीक्षण किया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। राबाइंका ऐठाण की प्रधानाचार्य किरन जोशी ने बताया कि लॉकडाउन के चलते इन दिनों विद्यालय में अवकाश चल रहा है। इसका लाभ उठाकर कुछ अराजक तत्व रोजाना विद्यालय में जमावड़ा लगा रहे हैं। वह यहां पर जुआ खेलते हैं और शराब का सेवन करते हैं। बीते दिनों किसी ने विद्यालय के क्रीड़ा भवन का ताला तोड़कर भीतर रखी विभिन्न खेल सामग्री, स्पोर्ट्स शूट, दरी, योगा मैट व अन्य सामान चोरी कर लिया। बाकी सामान को इधर-उधर फेंक दिया। आसपास रहने वालों ने विद्यालय का ताला टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन समिति व अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ने विद्यालय का निरीक्षण कर जानकारी दी। बीईओ को जानकारी होने पर पुलिस को भी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने विद्यालय का निरीक्षण कर मामले की जाचं शुरू कर दी गई है। इधर थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही चोरी करने वालों का पता लगाया जाएगा।
