गांव में पहली बार गाड़ी पहुंचने पर खड़की के ग्रामीणों ने बांटी मिष्ठाई
नैनीताल। ब्लाक के ग्राम सभा खड़की के ग्रामीणों ने लॉकडाउन अवधि के बीच 40 दिन श्रमदान कर मंगलवार को गांव के समीप तक जीप पहुंचा दी। पहली बार गांव में चार पहिया वाहन पहुंचने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने खुशी में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। बता दें खड़की गांव के ग्रामीण नौकुचियाताल से करीब तीन-चार किमी पैदल चलकर घर पहुंचते थे। गांव को जोडऩे वाला पैदल मार्ग सालों से बंद पड़ा था और चलने लायक नहीं था। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता दुर्गादत्त पलडिय़ा की अगुवाई में ग्रामीणों ने लॉकडाउन का लाभ उठाते हुए शिलौटी से खड़की तक तीन किमी बंद पड़े पैदल रास्ते को श्रमदान कर चौड़ा बना दिया। मंगलवार को घंटा देवी मंदिर तक चार पहिया वाहन को पहुंचा दिया। इससे अब गांव की दूरी मात्र पांच सौ मीटर रह गई है। जबकि दोपहिया वाहन खड़की गांव तक पहुंचने लगे हैं। यहां भाजपा नेता दुर्गादत्त पलडिय़ा, विनोद कुमार, पूरन भट्ट, चंदू शर्मा, दीपक पलडिय़ा, दिनेश पलडिय़ा, मुकेश बहुगुणा, गोपाल भट्ट, हिमांशु आर्या, विनोद पलडिय़ा, राहुल भट्ट, दयाकिशन भट्ट, इन्द्रा पलडिय़ा, मंजू पलडिय़ा, हीरा देवी, पवन बहुगुणा व नीरज आर्या आदि ग्रामीणों ने सहयोग प्रदान किया।
