ग्राम प्रधान संगठन ने की संस्थागत क्वारंटीन में रखने की मांग
उत्तरकाशी। जनपद में पहला कोरोना संक्रमण पॉजिटिव केस आने के बाद प्रधान संगठन ने बाहर से आने वाले प्रवासियों की क्वारंटाइन व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित कर प्रवासियों को उनके गांवों में भेजने के बजाय संस्थागत क्वारंटाइन में रखने की मांग की है।
प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष प्रताप रावत ने डीएम को प्रेषित ज्ञापन में कहा कि उत्तरकाशी में बीते कुछ समय से लगातार बाहरी रायों व जिलों से आने वाले प्रवासियों की संया बढ़ती जा रही है। जिनमें से कई लोगों को प्रशासन की ओर से उनके गांव के ही पंचायत व प्राथमिक विद्यालयों में क्वारंटाइन किया जा रहा है। जहां कई ग्राम प्रधानों को क्वारंटाइन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए दिन रात निरंतर निगरानी बनाये रखना संभव नहीं हो पा रहा है। जिसका लाभ उठाकर अधिकांश प्रवासी क्वारंटाइन नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। जिसके चलते स्थानीय ग्रामीणों में भय व आक्रोश का माहौल पनपने लगा है। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन को तीन-चार गांवों के क्लस्टर के बीच एक बड़ा संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर बनाना चाहिए। जहां सभी प्रवासियों को पुलिस व स्वास्थ्य कर्मियों की कड़ी निगरानी के बीच रखना चाहिए। ताकि जिले में कोरोना महामारी के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। ज्ञापन देने वालो में नवीन भंडारी, अरविंद पंवार, कोमल सिंह राणा, शीशपाल सिंह, मनोज चौहान, बृजपाल सिंह आदि सदस्य शामिल रहे।
