May 9, 2026

धोनी के बाद टीम इंडिया को मिला नया फिनिशर, वेस्टइंडीज के खिलाफ बतौर फिनिशर टीम को दो मैच में दिलाई जीत


नई दिल्ली । भारत ने पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज को भले ही 6 विकेट से हरा दिया हो, लेकिन मैच में एक समय ऐसा आया था जब विंडीज की टीम हावी हो रही थी। रोहित और ईशान ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में ही 64 रन की धमाकेदार ओपनिंग साझेदारी की। लेकिन उसके बाद भारतीय बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और जल्द ही भारत के 50 रन के अंदर चार विकेट गिर गए। जिससे टीम दबाव में पहुंच गई थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने वेंकटेश अय्यर के साथ पांचवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई। सूर्यकुमार यादव को फिनिशर टैग पसंद है। वह मैच में नाबाद रहना चाहते हैं और गेम खत्म करना चाहते हैं। स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज में दूसरी बार बतौर फिनिशर अपनी भूमिका निभाई और वह धीरे-धीरे नए लोगों के साथ साझेदारी करना सीख रहा है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में पहले वनडे मैच में दीपक हुड्डा के साथ मिलकर सूर्यकुमार ने मैच को खत्म किया था और अब उन्होंने बुधवार को ईडन गार्डन में पहले टी20 मैच में वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर वही काम किया। दोनों बल्लेबाज नाबाद रहे। सूर्यकुमार ने 18 में 34 रन बनाए, जबकि वेंकटेश ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए।
सूर्यकुमार ने छह विकेट की जीत के बाद रिपोर्टर से कहा, मुझे लगता है कि जब वह बल्लेबाजी के लिए आए तो उन्होंने सीधे एक चौका लगाया। मुझे लगा कि अच्छी साझेदारी करने और खेल खत्म करने के लिए यह सही मंच है।
उन्होंने आगे कहा, मुझे लगता है कि मेरे लिए अंत तक रहना महत्वपूर्ण था। मैं पहले भी इस स्थिति में रहा हूं, और जब भी मैं 20-25 रन पीछे छोडक़र आउट हुआ, तो होटल वापस जाने के बाद मुझे बुरा लगा। आज रात स्थिति बिल्कुल सही थी।
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सीरीज शुरू होने से पहले कहा था कि टीम को पूर्व कप्तान एमएस धोनी के अंतरराष्ट्रीय संन्यास के बाद कोई फिनिशर नहीं मिला है और अगले साल होने वाले वनडे से पहले उन्हें एक फिनिशर मिलने की उम्मीद है। रोहित से जब फिनिशर की भूमिका – विशेषकर बल्लेबाजी क्रम में छठे और सातवें स्थान – के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें हार्दिक पंड्या और रविंद्र जडेजा के अलावा और बैक-अप तैयार करने की जरूरत है। रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे की पूर्व संध्या पर कहा था, वनडे में फिनिशर की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है लेकिन एमएस धोनी के संन्यास के बाद से हमें कोई नहीं मिला है जो इस भूमिका में फिट हो सके। उन्होंने कहा, हमने हार्दिक को आजमाया, यहां तक जडेजा भी खेले लेकिन हमें इस स्थान के लिये और बैक-अप तैयार करने की जरूरत है। इस सीरीज में जिन खिलाडिय़ों को मौका मिल रहा है, उम्मीद करते हैं कि वे इन मौकों का फायदा उठायेंगे और टीम में अपना स्थान मजबूत करेंगे।
वहीं सूर्यकुमार ने पिछले कुछ मैचों में बतौर फिनिशर साबित किया है, ऐसे में रोहित के लिए फिनिशर की तलाश खत्म होती हुई नजर आ रही है। क्योंकि सूर्यकुमार यादव को मैच को अंत तक ले जाना पसंद है और फिर टीम को कठिन परिस्थितियों में वह जीत दिला चुके हैँ।
डेब्यू मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे रवि बिश्नोई की भी सूर्यकुमार यादव ने जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा, यह उनके लिए दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टी20 टीमों में से एक के खिलाफ खेलने का अच्छा मौका था। उन्होंने जिस तरह से खुद का समर्थन किया और गेंदबाजी की, उन्होंने अच्छी प्रतिक्रिया दी। थोड़ी ओस थी, और स्पिनरों के लिए यह आसान नहीं था। उसने सब कुछ अच्छी तरह से अंजाम दिया। यह बिश्नोई के लिए एक आदर्श शुरुआत है।
दोनों टीमें शुक्रवार को दूसरे टी20 मैच में भिड़ेंगी और भारत के पास 3 मैचों की सीरीज अपने नाम करने का मौका होगा।
00

मैट हेनरी की रफ्तार के आगे अफ्रीकी बल्लेबाजी धराशाई, 95 रन पर ढेर हुई दक्षिण अफ्रीका; पारी में झटके 7 विकेट
नई दिल्ली ,। तेज गेंदबाज मैच हेनरी के टेस्ट करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में सिर्फ 95 रन पर ही ढेर कर दिया। न्यूजीलैंड ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। ट्रेंट बोल्ट की जगह टीम में शामिल किए गए मैट हेनरी ने अफ्रीकी बल्लेबाजों को क्रीज पर पैर जमाने का मौका नहीं दिया और 7 विकेट झटककर दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी क्रम को धराशाई कर दिया।
मैट हेनरी ने 15 ओवर में 23 रन देते हुए 7 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 7 ओवर मेडन डाले। दक्षिण अफ्रीका की टीम अपनी पहली पारी में 49.2 ओवर में सिर्फ 95 रन बना सकी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से जुबैर हमजा ने सर्वाधिक 25 रन का योगदान दिया। वह लगभग दो साल बाद टीम में वापस लौटे हैं।
मैट हेनरी का ये टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसी के साथ यह न्यूजीलैंड की ओर से तीसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।
हेनरी का पिछला बेस्ट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही था, जब उन्होंने 93 रन देकर 4 विकेट लिए थे। हालांकि इस दौरान हेनरी ने टीम का नियमित सदस्य बनने के लिए संघर्ष किया। क्योंकि टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट प्रमुख गेंदबाज रहे हैं।
न्यूजीलैंड की टीम ने पहले दिन स्टंप तक 39 ओवर में 3 विकेट खोकर 116 रन बना लिए हैं और पहली पारी में 21 रन की बढ़त हासिल कर ली है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक नील वेगनर और हेनरी निकोल्स क्रीज पर हैं।
00

आईपीएल में सबसे महंगे बिके ईशान किशन को टिप्स देते नजर आए रोहित शर्मा
नई दिल्ली , । स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान रोहित शर्मा की अगुवाई में बल्लेबाजों की उम्दा पारियों के दम पर भारत ने पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढत ले ली। वेस्टइंडीज का भारत दौरा कई मायनों में काफी अब तक काफी दिलचस्प रहा है। सीरीज शुरू होने से पहले कप्तान रोहित शर्मा ने कहा था कि हम इस सीरीज के जरिए कई प्रयोग करेंगे और इस दौरान हम हार भी सकते हैं, लेकिन टीम ने लगातार चार मैचों में विंडीज को धूल चटा दी है। दीपक हुड्डा और रवि बिश्नोई को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला, जबकि कई ऐसे प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं, जिन्हें टीम बेहतर बनाने के लिए और मौके देने का प्रयास कर रही है। इस लिस्ट में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का भी नाम हैं, जिनको टीम बतौर ओपनर टीम में शामिल करने की ओर देख रही है। वनडे सीरीज के पहले मैच में ईशान किशन को पारी का आगाज करने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने 36 गेंदों में 28 रन की पारी खेली थी, जिसके बाद उन्हें अब टी20 सीरीज के पहले मैच में बतौर ओपनर उतारा गया। लेकिन यहां किशन थोड़ा फीके दिखे और धीमी पारी खेलकर एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। किशन ने 42 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 32 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइकरेट 83.33 का रहा। टी20 क्रिकेट में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई यह सबसे धीमी पारी है।
पहला मैच खत्म होने के बाद कप्तान रोहित शर्मा युवा क्रिकेटर ईशान किशन को टिप्स देते हुए नजर आ रहे हैं। रोहित उनकी गलतियों को सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। कप्तान और किशन की ये बातचीत की तस्वीर सोशल मीडिया पर फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। आपको बता दें कि ईशान किशन को आईपीएल 2022 नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये की मोटी रकम देकर अपनी टीम में फिर से जोड़ा है। आपको ये जानकार हैरानी होगी कि पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल इतिहास में पहली बार किसी खिलाड़ी पर नीलामी में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच हुए पहले मैच की बात करे तो जीत के लिये 158 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 162 रन बनाये । इससे पहले टी20 क्रिकेट में पदार्पण कर रहे स्पिनर रवि बिश्नोई और अनुभवी युजवेंद्र चहल की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने कैरेबियाई टीम को सात विकेट पर 157 रन पर रोक दिया था। वनडे सीरीज में सूपड़ा साफ होने के बाद वेस्टइंडीज का इस दौरे पर जीत का इंतजार बढता ही जा रहा है।

सुनील नरेन ने 13 गेंदों में जड़ी फिफ्टी, टी20 क्रिकेट के इतिहास में संयुक्त रूप से ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने
नई दिल्ली ,। वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी सुनील नारायण ने टी20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। नरेन ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) 2022 के दूसरे चलीफायर में ये उपलब्धि हासिल की। बांग्लादेश प्रीमियर लीग में सुनील नरेन का 13 गेंदों में बनाया अर्धशतक लीग के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक है। नरेन ने बल्लेबाजी की शुरुआत छक्के के साथ की थी। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके औऱ 6 छक्के लगाए।
कोमिला विक्टोरियन की ओर से चैटोग्राम चैलेंजर्स के खिलाफ पारी की शुरुआत करते हुए नरेन छठे ओवर में 16 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हुए।
अपनी रिकॉर्ड पारी के बारे में बोलते हुए नारायण ने कहा, जब मुझे बताया गया कि मैं ओपन करूंगा, तो मैं खुश था, खासकर रिंग के बाहर सिर्फ 2 फील्डरों के साथ। यह बल्लेबाजी करने के लिए एक अच्छा विकेट था, ज्यादा स्पिन नहीं, नई गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आई।
सुनील नारायण निश्चित रूप से इंडियन प्रीमियर लीग के लिए तैयारी कर रहे हैं, क्योंकि वह वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा नहीं है, जो वर्तमान में भारत में टी20 सीरीज खेल रही है। आईपीएल 2021 में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद नरेन को टी20 विश्व कप के लिए भी नहीं चुना गया था।
टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भारतीय टीम के ऑलराउंडर युवराज सिंह के नाम है। युवराज के साथ-साथ क्रिस गेल और जजई के नाम भी संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड है। युवराज ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 12 ही गेंद में 2016 में फिफ्टी लगाया था। हजरतुल्लाह जजई ने भी 2018 में 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक

  1. युवराज सिंह – 12 गेंद – 2007 में भारत बनाम इंग्लैंड
  2. क्रिस गेल – 12 गेंदें – 2016 में मेलबर्न रेनेगेड्स बनाम एडिलेड स्ट्राइकर्स
  3. हजरतुल्लाह जज़़ई – 12 गेंदें – 2018 में काबुल ज्वानन बनाम बल्ख लीजेंड्स
  4. मार्कस ट्रेस्कोथिक – 13 गेंद – 2010 में समरसेट बनाम हैम्पशायर
  5. सुनील नरेन – 13 गेंद – 2022 में कोमिला विक्टोरियन बनाम चैटोग्राम चैलेंजर्स
    00

19 गेंद पर 40 रन ठोक रोहित शर्मा ने ईडन गार्डन्स मैदान पर बनाया खास वर्ल्ड रिकॉर्ड, विराट कोहली को छोड़ा पीछे
नई दिल्ली । ईडन गार्डन्स और रोहित शर्मा की लव स्टोरी तब शुरू हो चुकी थी, जब रोहित अपने करियर के शुरुआती दौर में ही थे। यह लव स्टोरी आज भी कायम है और यही वजह है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के पहले ही टी20 इंटरनेशनल मैच में रोहित ने इस मैदान का एक खास वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस मैदान पर सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन पहले ही रोहित के नाम दर्ज था, लेकिन अब वह दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिसने इस मैदान पर 100 से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ 19 गेंद पर 40 रनों की पारी के दौरान रोहित ने यह खास रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इस मैच से पहले इस मैदान पर रोहित के खाते में 72, जबकि विराट कोहली के खाते में 70 रन दर्ज थे। इन दोनों को ही इस मैदान पर 100 रनों का आंकड़ा पार करने के लिए क्रम से 28 और 30 रनों की जरूरत थी, लेकिन रोहित ने विराट को पीछे छोड़ते हुए पहले यह उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली। रोहित ने इस मैदान पर चार टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और इस दौरान 167 के धांसू स्ट्राइक रेट और 28 की औसत से 112 रन बनाए हैं। इस मैदान पर छह छक्के लगाने वाले भी रोहित इकलौते बल्लेबाज हैं। वहीं विराट की बात करें तो उन्होंने इस मैदान पर अपना तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। विराट ने 131.81 के स्ट्राइक रेट और 43.50 के औसत से इस मैदान पर 87 टी20 इंटरनेशनल रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के मार्लन सैमुअल्स हैं, जिन्होंने इस मैदान पर 85 रन बनाए हैं। मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीता और वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 157 रन बनाए, जवाब में भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। रोहित भारत की ओर से बेस्ट स्कोरर रहे।
00

या मरो का मैच ड्रा खेल गई ओडि़सा और चेन्नइयन
वास्को ,। चेन्नइयन एफसी और ओडि़सा एफसी के बीच वास्को डे गामा स्थित तिलक मैदान स्टेडियम में खेला गया करो या मरो का मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस अनचाहे ड्रा से दोनों टीमों की हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें हल्की पड़ गई हैं।
वैसे, इस ड्रा से ना तो कोच किनो गार्सिया और उनकी ओडि़सा खुश होगी और ना ही सहायक कोच सबिर पाशा और उनकी टीम चेन्नइयन संतुष्ट होगी। क्योंकि चेन्नइयन की जीत से दूरी पांच मैचों की हो गई है। आज के परिणाम से अंक तालिका में दोनों ही टीमों की स्थिति में कोई फर्क नहीं पड़ा है। ओडि़सा 17 मैचों में छह जीत और चार ड्रा से 22 अंक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर है। चेन्नइयन 17 मैचों में 20 अंकों के साथ आठवें पायदान पर है।
मैच का पहला गोल दूसरे ही मिनट में आया, जब विंगर रहीम अली ने चेन्नइयन को 1-0 की शुरुआती बढ़त पर ला दिया। 18वें मिनट में स्पैनिश अटैकिंग मिडफील्डर हावी हर्नांडिज ने गोल करके ओडि़सा एफसी को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
51वें मिनट में ब्राजीली स्ट्राइकर जोनाथस ने चेन्नइयन की खराब डिफेंडिंग के कारण मिले एक अवसर को भुनाकर गोलकर दिया और ओडि़सा एफसी 2-1 से आगे हो गई। हावी के शॉट को गोलकीपर देबजीत ने ब्लॉक जरूर किया लेकिन रोडस ने जोनाथस के लिए इस मौके बनाया और ब्राजीली स्ट्राइकर ने गेंद पोस्ट के अंदर डाल दिया।
69वें मिनट में नेरिस वाल्सकेस के हैडर ने चेन्नइयन को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। रहीम अली ने बाएं फ्लैंक पर बॉक्स के अंदर से अपना पहला क्रॉस ब्लॉक होने जाने के बाद दूसरे प्रयास में गेंद को नेरीजस की तरफ चिप किया, जिसे छह गज के बॉक्स में खाली खड़े लिथुआनिअन स्ट्राइकर ने हैडर से गोलजाल तक पहुंचा दिया जबकि गोलकीपर अर्शदीप अपने दाहिने डाइव लगाकर रोकने का विफल प्रयास ही कर सके।
आज के परिणाम के बाद इस सीजन में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों में चेन्नइयन का दबदबा रहा। क्योंकि पिछली बार पहले चरण में जब ये दोनों टीमों आपस में भिड़ी थीं, तो चेन्नइयन ने ओडि़सा को 2-1 से हराया था।
00

भारत आसानी से 6 विकेट से जीता, सीरीज में मिली 1-0 की बढ़त
कोलकाता ,। पदार्पण मैच खेल रहे रवि बिश्नोई (17 रन पर दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन और कप्तान रोहित शर्मा (40), आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी ईशान किशन (35), सूर्यकुमार यादव (नाबाद 34) और वेंकटेश अय्यर (नाबाद 24) की बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत ने वेस्ट इंडीज को बुधवार को आसानी से छह विकेट से हराकर तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
वेस्ट इंडीज ने पहले खेलते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन के विस्फोटक अर्धशतक (61)की बदौलत पहले टी-20 क्रिकेट मैच में सात विकेट पर 157 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया जबकि भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 162 रन बनाकर मैच जीत लिया।
रोहित और ईशान ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में 64 रन की विस्फोटक ओपनिंग साझेदारी की। रोहित ने मात्र 19 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 40 रन की तूफानी पारी खेली। ईशान 42 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए जबकि विराट कोहली 13 गेंदों में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऋषभ पंत आठ रन बनाकर टीम के 114 के स्कोर पर आउट हुए।
चार विकेट 114 रन पर गिरने के बाद सूर्य और वेंकटेश ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन की अविजित साझेदारी कर भारत को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। सूर्य ने 18 गेंदों की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया जबकि वेंकटेश ने 13 गेंदों में दो चौके और मैच विजयी छक्का लगाया।

इससे पहले भारत ने टॉस जीत कर मेहमान वेस्ट इंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, जिसे उसने अच्छे से स्वीकार किया और लगातार अंतराल पर विकेट गंवाने के बावजूद 20 ओवर में सात विकेट पर 157 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना दिया। पूरन ने चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 43 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली। उन्हें हालांकि सातवें ओवर की पहली गेंद पर भाग्य का साथ मिला। अंतरराष्ट्रीय पदार्पण कर रहे युवा लेग ब्रेक गेंदबाज रवि बिश्नोई ने लॉन्ग ऑफ पर पूरन का कैच तो पकड़ लिया, लेकिन उनके पांव बाउंड्री से टकरा गए।
फील्डिंग में दुर्भाग्यशाली रहे बिश्नोई ने हालांकि पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में गेंदबाजी से सभी को प्रसन्न किया। वह चार ओवर में 17 रन पर दो विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा अपना तीसरा अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हर्षल पटेल ने चार ओवर में 37 रन पर दो विकेट विकेट चटकाए। वहीं भुवनेश्वर कुमार, दीपक चहर और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट लिया।
वेस्ट इंडीज की तरफ से ओपनर काइल मेयर्स ने भी सात चौकों की मदद से 24 गेंदों पर 31 रन की शानदार पारी खेली। वहीं कप्तान पोलार्ड ने भी अंत में दो चौकों और एक छक्के के सहारे 19 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए। रवि बिश्नोई को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।