Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

द्वारिकाछीना में पहाड़ी दरकने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त


बागेश्वर। बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग में सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। चौड़ीकरण कार्य में पोकलैंड मशीन से पहाड़ी कटान के बाद नदीगांव के समीप पहाड़ी के पास लगातार बोल्डर गिर रहे हैं। इस कारण यातायात रोक दिया है। यहां से आने-जाने वाले वाहन अब वाया द्यांगण जा रहे हैं। भूस्खलन के कारण पेयजल लाइन भी टूट गई है। इस कारण नगर में पीने के पानी का संकट गहरा गया है। दरअसल, द्वारिकाछीना के पास पिछले तीन साल से लगातार भूस्खलन हो रहा है। भूस्खलन बरसात के अलावा भी अन्य दिनों में होता रहता है। इधर दो दिन से मार्ग पर फिर से बोल्डर गिर रहे हैं। इस कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। हालांकि गिरेछीना जाने वाले वाहन वाया द्यांगण जा रहे हैं। लेकिन मार्ग पर पैदल चलने वालों के लिए भी खतरा बना हुआ है। सड़क निर्माण में पहाड़ी कटान और सड़क चौड़ीकरण के चलते भूस्खलन के कारण पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। पेयजल लाइन टूटने से नदीगांव, तहसील रोड, गोमती पुल, आदर्श कॉलोनी, मजियाखेत, काफलखेत, के पेयजल उपभोक्ताओं को पेयजल दिक्कत झेलनी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन और विभाग से जल्द व्यवस्था पटरी पर लाने की मांग की है। लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं। उन्होंने लोनिवि से समस्या का समाधान करने की मांग की है। इधर, लोनिवि के ईई राजकुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण में पहाड़ी कटान से पहाड़ी का मलबा सड़क पर आने के कारण मार्ग बंद है। इसमें मरम्मत कार्य चल रहा है। जल्द सड़क में पड़े बोल्डरों को हटाकर मार्ग खोल दिया जाएगा।

You may have missed

Advertisement