Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

पीआरडी जवान की मौत का नहीं हुआ खुलासा, आक्रोशित परिजनों ने किया हाईवे जाम


बागेश्वर। मृतक पीआरडी जवान खुशाल राम का शव बीते दिनों जंगल से बरामद हुआ। स्वजनों ने हत्या की संभावना व्यक्त की। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर स्वजन और ग्रामीणों में आक्रोश था। उन्होंने बुधवार को कपकोट पुल पर चक्काजाम कर दिया। जिससे वाहनों की लंबी कतार लग ई। जाम की सूचना पर थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट दलबल के साथ पहुंचे। उन्होंने जाम में फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन धरने पर बैठे लोग नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस पर आंदोलन को कमजोर करने का आरोप लगाया। इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
एसडीएम और सीओ के आने पर मामला हुआ शांत:   इसके बाद उन्होंने दोबारा जाम लगा दिया। जाम के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उपजिलाधिकारी मोनिका और सीओ शिवराज सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्वजनों ने कहा कि खुशाल की हत्या कर शव तुपेड़ के भगवती मंदिर के पीछे के जंगल में फेंका गया है। हत्यारोपी अभी तक नहीं पकड़े गए हैं। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच करने की मांग की।
चेतावनी दी कि यदि 25 दिन के भीतर मामले का राजफाश नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय में धरना देंगे। दो घंटे के धरने के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया। इस मौके पर प्रकाश तिरुवा, सभासद तनुज तिरुवा, राजू प्रसाद, हरीश उपाध्याय, दान सिंह गढ़िया, हिम्मत सिंह ऐठानी, कपकोट व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा सिंह कपकोटी, कंचन बाफिला, दीप चंद जोशी, रमेश तिरुवा, हेमा, दीपा, गोविंदी, कमला आदि उपस्थित थे।

Advertisement