बांके बिहारी मंदिर पर भीड़ के दबाव के चलते अचेत हुए कई श्रद्धालु
बांके बिहारी मंदिर पर भीड़ के दबाव के चलते अचेत हुए कई श्रद्धालु
मथुरा । धार्मिक नगरी श्री धाम वृंदावन में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। भारी जाम से शहर त्रस्त नजर आ रहा है। स्थानीय बाशिंदों की तमाम गुहार के बावजूद अधिकारी आंखे मूंदे बैठे हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से अधिक समय से नगर का चप्पा चप्पा जाम के झाम से त्रस्त है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमडऩे से ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया है। वही बांके बिहारी मंदिर पर मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की ओर से बनाई गई व्यवस्थाएं भी श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे घुटने टेकने को मजबूर हैं। प्रशासन की ओर से मंदिर के आसपास कोई भी पुख्ता व्यवस्था तैयार नहीं की गई है। वही इस भीड़ में आए दिन कई सारे फोन चोरी हो जाने की भी सूचना मिल रही है। बाहर से दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के जेबों से फोन गायब हो जा रहे हैं और साथ ही कई कीमती चीजों पर चोर अपना हाथ साफ कर रहे हैं। वहीं मंदिर बंद हो जाने के बाद मंदिर के प्रवेश मार्गों पर श्रद्धालुओं के जूते चप्पलों का भी ढेर लग जाता है, लेकिन जिले के जिम्मेदार अफसरान के पास शहर को जाम से मुक्ति दिलाने व इन समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए कोई ठोस प्लान नजर नहीं आ रहा है। जिम्मेदार अधिकारी इस विकराल होती समस्या के निदान के लिए कोई गंभीर कदम उठाने से बचते नजर आ रहे हैं। यहां बताते चलें कि शुक्रवार से श्री धाम वृंदावन में भारी भीड़ उमडऩे की संभावना के बावजूद अधिकारी आंखे मूंदे बैठे रहे। वही नगर वासियों का कहना है कि अगर ट्रैफिक व्यवस्था के यही हालात बने रहे तो नगरवासी सडक़ों पर उतरने को बाध्य हो सकते हैं।
