May 21, 2024

सियासी दलों ने खोला कैबिनेट मंत्री अग्रवाल के खिलाफ मोर्चा  


हल्द्वानी। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद सियासी दलों ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने बुधवार को बुद्ध पार्क में मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। मांग की गई कि, सीएम पुष्कर सिंह धामी को मंत्री अग्रवाल का इस्तीफा तुरंत लेना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी की। उनसे नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की गई। महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद बिष्ट ने कहा कि मंत्री पद के व्यक्ति का ऐसा आचरण उसकी जिम्मेदारी और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। वे इस पद पर रहने का हक खो चुके हैं। ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, हेम पांडे, जाकिर हुसैन, पूर्व दर्जा मंत्री ललित जोशी, राजेंद्र बिष्ट, सुहेल सिद्दीकी, गजेंद्र गौनिया, विजय चंद्र (पप्पू), महेशानन्द, नेत्रबल्लभ, बबलू बिष्ट, जीवन बिष्ट, योगेश कबड्वाल, हर्षित जोशी, नितिन भट्ट, विक्की छिमवाल, हेमंत कुमार, दिलशाद, विष्णु, हरीश रावत, गणेश टम्टा आदि मौजूद रहे।