Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 9, 2026

भाजपा में दिग्गजों के लिए मुश्किल खड़ी कर गया निकाय चुनाव,13 में से चार नगर पंचायतों पर ही जीत सकी भाजपा



मथुरा । नगर निकाय चुनाव दिग्गजों के लिए मुश्किल खडी कर गए हैं। मथुरा जनपद की 13 नगर पंचायतों में से मात्र चार में ही भाजपा जीत दर्ज कर सकी है और नौ में हार का सामना करना पडा है। गोकुल नगर पंचायत में संजय दीक्षित रिपीट हुए हैं। उन्होंने लगातार दूसरी बार गोकुल नगर पंचायत पद पर जीत हासिल कर रिकॉर्ड बनाया है। संजय दीक्षित जीत हासिल नहीं कर पाते तो आंकड़े और खराब होते। पार्टी सूत्रों का कहना है कि चुनाव परिणाम आने के बाद हार के कारणों की समीक्षा जरूर होगी और जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। पहली बार विधायक बने ठाकुर मेघश्याम की यह पहली अग्नि परीक्षा थी जिसमें वह खरे नहीं उतरे गोवर्धन क्षेत्र में भाजपा के विधायक ठाकुर मेघश्याम का जादू नहीं चल सका है। गोवर्धन नगर पंचायत में निर्दलीय प्रभादेवी को जीत मिली है। हालांकि राधा कुंड में भाजपा से रामफल मुंशी और सौंख नगर पंचायत में भाजपा से योगेश नंबरदार जीते हैं। भाजपा विधायक पूरन प्रकाश के बलदेव विधानसभा क्षेत्र की बलदेव नगर पंचायत में भाजपा को करारी हार मिली है। राया में भाजपा प्रत्याशी चुनौती ही पेश नहीं कर सके। विधायक राजेश चैधरी भी मांट विधान सभा से चुनाव जीत कर पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं वह भी अपने क्षेत्र की बजना नगर पंचायत की सीट नहीं जिता सके। भाजपा के खाते में एक नगर निगम, एक नगर पालिका और चार नगर पंचायत गई हैं। पार्टी का पूरा फोकस नगर निगम सीट पर था। खुद मुख्यमंत्री ने भी मथुरा के सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान पर भाजपा के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे थे। इसके बाद भी नगर पंचायतों में भाजपा का जादू नहीं चल सका।  राष्ट्रीय लोकदल, एक आम आदमी पार्टी और एक बसपा ने भी एक एक नगर पंचायत जीती हैं। आधा दर्जन नगर पंचायतों पर निर्दलियों ने कब्जा किया है। यह सब इसके बावजूद है जब प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, उत्तर प्रदेश सहकारी समिति के अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह, बाल विकास आयोग के अध्यक्ष डा.देवेन्द्र शर्मा, एमएलसी ठा. ओमप्रकाश सिंह, सांसद हेमा मालिनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, विधायक राजेश चैधरी, विधायक ठा.मेघश्याम सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा जैसे दिग्गज अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने को मैदान में उतरे थे।  

You may have missed

Advertisement