Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

4 जून के बाद ईडी से बचने को  पीएम  नरेंद्र मोदी ने गढ़ दी परमात्मा वाली कहानी: राहुल गांधी


 पटना ।  कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के बख्तियारपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी इसलिए परमात्मा वाली कहानी लेकर आए हैं ताकि 4 जून के बाद ईडी द्वारा उनसे सवाल पूछे जाएं तो वह कहें कि मुझे कुछ नहीं पता है। मुझसे तो परमात्मा ने काम के लिए कहा था। राहुल गांधी ने कहा, ‘उन्होंने पता है परमात्मा वाली कहानी क्यों निकाली है। ऐसा इसलिए ताकि वही ईडी के लोग जब 4 जून के बाद नरेंद्र मोदी से गौतम अडानी के बारे में पूछेंगे तो वह कहेंगे कि मैं नहीं जानता। परमात्मा ने कहा था।’
राहुल गांधी ने कहा कि आप लंबे-लंबे भाषण देना बंद करिए। आप पहले बिहार और देश के युवाओं को यह बताइए कि कितने लोगों को रोजगार दिया। उन्होंने कहा कि आप देश को बांटने की बजाय युवाओं को रोजगार न देने पर जवाब दें। उन्होंने कहा कि पहले आपके लिए अलग-अलग रास्ते थे। आप सेना, सरकारी नौकरी और प्राइवेट सेक्टर में जा सकते थे। लेकिन इन्होंने नोटबंदी और जीएसटी लागू करके रोजगार के अवसर छीन लिए। इसके बाद सेना में भर्ती के लिए अग्निवीर स्कीम लेकर आए और देश के जवानों को मजदूर बना दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की कोशिश है कि राजाओं वाला दौर लाया जाए। ये लोग चाहते हैं कि एससी, एसटी और ओबीसी के अधिकार छीन लिए जाएं। नरेंद्र मोदी ने 22 से 25 महाराजा बना दिए हैं। इनके नए नाम हैं। इनके नाम हैं अडानी और अंबानी। नरेंद्र मोदी इनके लिए काम करता है। इन लोगों के 16 लाख करोड़ रुपये माफ किए गए हैं।
राहुल गांधी का वादा- सरकार बनी तो करेंगे ये तीन काम
राहुल गांधी ने इस रैली में तीन बड़े वादे भी किए। उन्होंने कहा कि यदि इंड‍िया  अलायंस की सरकार बनती है तो सेना में भर्ती के लिए बनी अग्निपथ स्कीम को खत्म कर दिया जाएगा। इसके अलावा सभी महिलाओं को हर महीने 8500 रुपये की रकम दी जाएगी। कांग्रेस लीडर ने कहा कि हमारी सरकार आई तो हम उन सभी उद्योगों को चालू करेंगे, जो बंद पड़े हैं। हम कुल 30 लाख सरकारी नौकरियां देंगे।

Advertisement