March 12, 2026

महिलाओं ने चौकी इंचार्ज के कार्यालय के बाहर चूड़ियां टाँगी


काशीपुर ।  कुंडेश्वरी रोड स्थित अपना घर सोसाइटी मे असिस्टेंट प्रोफेसर के घर हुई चोरी का नौ दिन बाद भी खुलासा न होने पर आक्रोशित कालोनी के लोगों ने कुंडेश्वरी चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने चौकी इंचार्ज के कार्यालय के बाहर चूड़ियां लटका दीं। अपना घर सोसाइटी निवासी बृजेश सिंह पिथौरागढ़ डिग्री कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। 9 से 27 जून तक उनका परिवार पिथौरागढ़ में था। वापस आकर देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे। चोर घर से करीब 10-11 तोला सोना और चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकदी आदि ले गए थे। वारदात का खुलासा नहीं हो पाने से भड़के कालोनीवासियों ने शनिवार को कुंडेश्वरी चौकी का घेराव किया। गुस्साई महिलाओं ने चौकी प्रभारी की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय पर चूड़ियां टांग दीं। कहा कि कालोनी में दो-दो सुरक्षा गार्ड हैं। सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। उसके बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है। कुछ देर बाद पहुंचे चौकी प्रभारी राजेंद्र मौनियाल ने बताया कि पुलिस लगातार सुरागरसी में जुटी है। कालोनी में सीसीटीवी कैमरों का अभाव है। सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। उन्होंने जल्द की वारदात का खुलासा करने का भरोसा दिलाया। उसके बाद कालोनी के लोग एएसपी कार्यालय पहुंचे। जहां एएसपी के मौजूद न होने पर ज्ञापन उनके कार्यालय में सौंपा।  यहां अनुराग गंगोला, अंजली भारती, रवि प्रकाश, रवि गुप्ता, श्रीवास्तव, राजेंद्र ढिल्लों, महेश चंद्र, मातंवर सिंह कोश्यारी, हिरदेश कुमार, योगेंद्र कुमार, राजीव कुमार, मनीषा, हेमा रावत, दीपा सत्यवली आदि मौजूद रहे।
चौकी घेराव की सूचना पर कालोनी पहुंचे चौकी इंचार्ज
काशीपुर(आरएनएस)।  चौकी घेराव की सूचना पर चौकी इंचार्ज कालोनी पहुंच गए। जहां उन्होंने कालोनी गेट पर एकत्र लोगों से वार्ता कर बताया कि वह चोरी के खुलासे में लगे हैं। शीघ्र खुलासा किया जाएगा, लेकिन कालोनी के लोग संतुष्ट नहीं हुए और चौकी की ओर रवाना हो गया। जबकि चौकी इंचार्ज कालोनी में ही रहे। काफी देर बाद चौकी इंचार्ज चौकी पहुंचे।