September 20, 2024

6 सितम्बर से नंदादेवी मेला शुरू, पोस्टर का हुआ विमोचन


अल्मोड़ा । अल्मोड़ा के ऐतिहासिक माँ नन्दा देवी मेले के पोस्टर का विमोचन किया गया। मेला 6 सितम्बर से प्रारम्भ होकर 13 सितम्बर तक चलेगा। 6 सितंबर से विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएंगे। 9 सितम्बर को केले के वृक्षों को आमंत्रण दिया जाएगा तथा 10 सितंबर को केले के वृक्ष मन्दिर पहुंचेंगे तथा माता की प्रतिमाओं का निर्माण होगा। 13 सितम्बर को माता की भव्य शोभायात्रा के साथ मेले का समापन होगा। इस अवसर पर माँ नन्दा देवी मेला समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि इस बार मेला समिति को एडम्स का मैदान नहीं मिल पाया। इस कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियां नन्दा देवी प्रांगण में ही होंगी। इसके साथ ही वर्मा ने कहा कि कुछ व्यक्ति एवं संगठन नन्दा देवी समिति पर आय व्यय के ब्यौरे को लेकर लगातार आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नन्दा देवी समिति पूरी पारदर्शी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नन्दादेवी समिति पर अनर्गल आरोप लगाने वालों के खिलाफ भी नन्दा देवी समिति विधिक कार्यवाही करने जा रही है। उन्होंने समस्त जनता से भी अपील की है कि मां नन्दा देवी के इस पौराणिक मेले में सभी सहयोग करें। मेला समिति के सचिव मनोज सनवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार को अपने स्तर से कार्यवाही कर अल्मोड़ा माँ नन्दादेवी के मेले को राजकीय मेला घोषित करना चाहिए। इस अवसर पर मेला समिति के उपाध्यक्ष तारा चन्द जोशी, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, कांग्रेस जिला महामंत्री गीता मेहरा, पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित साह मोनू, डॉ मनोज जोशी, हरीश कनवाल, अर्जुन बिष्ट, आनन्द सिंह बगड़वाल, राजेन्द्र बिष्ट, परितोष जोशी, अनूप साह आदि सहित समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।