Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 23, 2026

अखिलेश यादव ने भाजपा पर कड़ा हमला किया, लोकतंत्र और संविधान को खतरे में बताया


लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है और लोगों के संविधान से प्राप्त वोट डालने के अधिकार को छीन रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि उपचुनाव के दौरान भाजपा ने वोटों की लूट की और पुलिस प्रशासन को आगे करके वोट डालने से रोका। उन्होंने बताया कि देशभर ने देखा कि उपचुनाव में बहादुर महिलाओं ने गोली और बंदूक का मुकाबला करते हुए जान की परवाह किए बिना वोट डाले।
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में खंगार समाज के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान को लागू करवाने के लिए अच्छे लोगों की आवश्यकता है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की अहमियत को बताते हुए कहा कि यह संविधान गरीबों, किसानों, वंचितों और पीडीए को ताकत देता है, लेकिन भाजपा इसे कमजोर करने पर तुली है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा फेक न्यूज फैलाने वाली पार्टी है जो झूठा प्रचार करती है और विरोधियों पर झूठे मुकदमे लगाती है। भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है और तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी गरीबों और किसानों के हित में काम नहीं किया और हमेशा अपने पूंजीपति मित्रों के लिए फैसले किए। इसके कारण देश की अर्थव्यवस्था तबाह हो गई है और महंगाई तथा बेरोजगारी अपने चरम पर हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने नोटबंदी को लेकर भाजपा को घेरते हुए कहा कि इससे गरीबों को कोई फायदा नहीं हुआ और कालाधन कहीं नहीं गया। साथ ही, भाजपा सरकार के फैसलों से नौजवानों के लिए रोजगार खत्म हो गए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि महंगाई और भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं टूट चुकी हैं और भाजपा सरकार में सिर्फ बड़े उद्योगपतियों को काम मिलता है।अखिलेश यादव ने सवाल किया कि अगर भाजपा सरकार दावा करती है कि देश

की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी तो सरकार को बताना चाहिए कि प्रतिव्यक्ति आय क्या है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में 80 करोड़ लोग सरकारी राशन पर निर्भर हैं, सरकार को यह बताना चाहिए कि इन लोगों की आय क्या है।समाजवादी पार्टी के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनका लक्ष्य गरीबों, वंचितों और पीडीए को हर क्षेत्र में न्याय दिलाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीडीए समाज को सामाजिक न्याय मिलेगा और उन्हें उनका हक व सम्मान मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने जातीय जनगणना की भी मांग की ताकि वंचित वर्गों को उनका हक मिल सके और सभी को सामाजिक न्याय प्राप्त हो।

Advertisement