March 7, 2026

भूपाल सेन आत्महत्या/ हत्या कांड : आज एसपी घोड़के घटनास्थल पर, एसपी बोले – त्वरित कार्रवाई के दिए गए निर्देश

बागेश्वर गरुड । द्योनाई गांव में भूपाल सेन की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए थाने के घेराव की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे शांत नहीं बैठेंगे।

मृतक के भाई राजेंद्र सेन और जगदीश सेन का कहना है कि उनके भाई भूपाल का शव घर से करीब दो किमी दूर जंगल में एक पेड़ से लटका मिला था। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए निवर्तमान ग्राम प्रधान व सदस्य जिला पंचायत प्रत्याशी कृष्णा पांडेय सहित अन्य के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि घटना के सप्ताह भर बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

शनिवार को जिला पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और अपनी टीम सहित गहनता से जांच-पड़ताल की। एसपी घोड़के ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया, “पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मैंने बैजनाथ थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी को तत्काल प्रभाव से त्वरित कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं।”

पुलिस भी अब आई एक्शन मोड में

इससे पहले पुलिस उपाधीक्षक अजय लाल साह भी गांव में पहुंचे थे और ग्रामीणों से बातचीत कर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने भी आश्वासन दिया था कि पुलिस आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करेगी और जांच में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

बैजनाथ पुलिस ने रमेश चंद्र सेन की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है और संबंधित धाराओं में केस भी पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और लोगों से पूछताछ जारी है।

वही दूसरी तरफ क्षेत्र के कुछ जनप्रतिनिधियों ने बताया कि हमारी इस शांत घाटी में इस प्रकार की घटनाएं कतई बर्दाश्त नही की जाएगी उन्होंने मांग की है कि इस कांड में संलिप्त सभी दोषियों को पुलिस तत्काल बेनकाब करे।

ग्रामीणों की चेतावनी और पुलिस की सक्रियता के बीच अब सवाल यह है कि क्या दोषियों की गिरफ्तारी शीघ्र संभव हो पाएगी या मामला और यू ही उलझता ही चले जाएगा ?