March 7, 2026

कपकोट के अंतिम गांव कुंवारी में जहरीले मशरूम से बुजुर्ग की मौत, बहू की हालत गंभीर

जंगली मशरूम खाने से हुआ हादसा, गांव में मातम का माहौल

बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव कुंवारी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत में काम करते वक्त मिली जंगली मशरूम की सब्ज़ी खाने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बहू की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गांव की धनु ली देवी अपनी बहू कविता देवी के साथ खेतों में काम कर रही थीं। इस दौरान उन्हें खेत में कुछ जंगली मशरूम दिखाई दिए। दोनों ने इन्हें तोड़कर सब्ज़ी बनाई और रोटी के साथ भोजन किया। लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

गांव वालों ने तत्काल घरेलू उपाय किए, लेकिन विषैले मशरूम के असर से बुजुर्ग धनु ली देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बहू कविता देवी की स्थिति नाजुक बनी हुई है, और गांव में ही पारंपरिक जड़ी-बूटियों से उसका उपचार किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। कपकोट थाना प्रभारी खुशवंत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को आवश्यक कार्रवाई के लिए गांव भेजा गया है। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार आदित्य ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है।

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि बिना पहचान के किसी भी जंगली खाद्य पदार्थ का सेवन न करें, खासकर जंगली मशरूम, जो कई बार जानलेवा साबित हो सकते हैं।