March 8, 2026

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद सिंह जंगपाँगती ने किया बैजनाथ अस्पताल का औचक निरीक्षणरोगियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बागेश्वर/गरुड़। बैजनाथ अस्पताल में लगातार मिल रही जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. प्रमोद सिंह जंगपाँगती ने सोमवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, दवाई स्टॉक रजिस्टर, एक्स-रे कक्ष एवं अल्ट्रासाउंड कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों का गहन निरीक्षण किया।

डॉ. जंगपाँगती ने अस्पताल में मौजूद स्टाफ से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिले, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएमओ ने कहा, “मरीजों की सुविधा सर्वोपरि है। यदि किसी को अस्पताल में किसी भी तरह की असुविधा होती है, तो वह सीधे विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत कर सकते हैं।”

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों से अच्छा व्यवहार किया जाए और सभी आवश्यक दवाएं व जांच सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अस्पताल की स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखा जाए।

स्थानीय लोगों ने सीएमओ के निरीक्षण को सराहा और आशा जताई कि इससे अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा तथा मरीजों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी ।