Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

गरुड में कॉंग्रेस मुखर : जनता दरबार में डीएम को 101 जन समस्याओं का ज्ञापन सौंपा


गरुड , बागेश्वर । गरुड़ की समस्याओं को लेकर कांग्रेसी मुखर हो गए हैं। उन्होंने जनता दरबार में पहुंची जिलाधिकारी को 101 जन समस्याओं का ज्ञापन सौंपा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट गिरीश कोरंगा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसियों ने राजकीय इंटर कालेज कौसानी में गृहविज्ञान व कला विषय की कक्षाएं प्रारंभ करने, जीआईसी पाये में इंटर स्तर पर गणित विषय की स्वीकृति, सभी इंटर कालेजों में व्यवसायिक शिक्षा विषयों की स्वीकृति, गागरीगोल इंटर कालेज में विज्ञान व वाणिज्य विषयों की कक्षाएं, सार्वजनिक लाइब्रेरी की स्थापना, सुमित्रानंदन पंत राजकीय महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर चित्रकला, शिक्षा शास्त्र, मनोविज्ञान, विज्ञान और वाणिज्य विषय की स्वीकृति, महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर गृहविज्ञान, भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र, संस्कृत जैसे विषयों में पीजी कक्षाएं, गरुड़ पालिटेक्निक में कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रानिक्स, फार्मेसी, फैशन इंजीनियरिंग जैसे विषयों की बढ़ोतरी तथा छात्रावास सहित स्थायी कैंपस का निर्माण की मांग की। लौबांज में चयनित भूमि पर आईटीआई का शीघ्र निर्माण, बंद आईटीआई को पुनः संचालित करने, एएनएम, जीएनएम तथा होटल मैनेजमेंट प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ-गरुड़ को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा, एनएचएम कर्मियों फार्मेसिस्ट, सीएचओ, एएनएम का अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें मूल तैनाती पर वापस भेजने, ग्राम सभा कटारमल में एएनएम सेंटर का निर्माण, पर्यटन स्थल कौसानी के स्वास्थ्य केंद्र को सीएचसी का दर्जा, दूरस्थ पिगलो घाटी तथा लाहुरघाटी में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग की। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण राम, प्रकाश कोहली, जिला पंचायत सदस्य बब्लू नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भानु नेगी, दिग्विजय फर्स्वाण, हरीश रावत, हरीश भट्ट, शेखर पांडे, राजू दानू आदि मौजूद रहे।

Advertisement