असफलता के डर से न छोड़े अपने प्रयास : दीपक
गरुड , बागेश्वर । एनडीए (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) के कैडेट दीपक कांडपाल को गत दिनों प्रेसीडेंट गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। इन दिनों वह अपने गृह जनपद बागेश्वर आए हैं। सोमवार को उन्होंने जीआईसी में अध्ययनरत बच्चों को कॅरियर काउंसलिंग के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य संभव है। असफलता के डर से प्रयास नहीं छोड़ना चाहिए। कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों से कहा कि वह स्पष्ट लक्ष्य बनाए। अनुशासित और मेहनती बनें तथा कड़ी मेहनत करें। दीपक ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सेना में अफसर बनने का सपना देख रहे हों तो प्रयास जारी रखने होंगे। अभिभावकों को भी अपने बच्चों का मनोबल बढ़ाते रहना होगा। दीपक ने कहा कि जब-जब वे असफल हुए उनके पिता और माता ने उनका हौसला बढ़ाया। प्रधानाचार्य गिरीश नेगी ने कहा कि ऐसे युवा रोल मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। दीपक जैसे कैडेट न सिर्फ देश की सेवा कर रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी सही दिशा दिखा रहे हैं। उत्तराखंड के पहाड़ों से निकलकर प्रेसीडेंट गोल्ड मेडल जीतना और फिर अपने क्षेत्र के बच्चों को प्रेरित करना, वाकई गर्व की बात है। स्कूल प्रबंधन ने दीपक को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में उप खंड शिक्षा अधिकारी हिमांशु सिंह, एनसीसी प्रथम अधिकारी मोहन चंद्र जोशी व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
