कौसानी में बड़े पैमाने पर अग्नि सुरक्षा जांच अभियान : डीएसपी मनीष शर्मा ने 9 होटलों का किया निरीक्षण, गोवा क्लब अग्निकांड के बाद सख्ती
बागेश्वर, , गरुड । गोवा के एक क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तराखंड के पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर अग्नि सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल कौसानी में बड़े स्तर पर होटलों व गेस्ट हाउसों की अग्नि सुरक्षा जांच की जा रही है।
बुधवार 11 दिसंबर 2025 को पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर/कपकोट श्री मनीष शर्मा ने फायर सर्विस की टीम के साथ मिलकर कौसानी क्षेत्र के प्रमुख होटलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फायर एक्सटिंग्विशर, हौजरील, वॉटर टैंक की क्षमता, अग्निशमन यंत्रों की स्थिति और आपातकालीन निकासी व्यवस्था को गहनता से परखा गया। कई जगहों पर कमियां मिलने पर होटल प्रबंधुओं को तत्काल सुधार करने तथा सभी अग्निशमन उपकरणों को हमेशा चालू हालत में रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण किए गए प्रमुख होटल एवं रिसॉर्ट इस प्रकार हैं :
होटल हिमालय माउंट व्यू
होटल प्रतिक्षा
उत्तराखंड रिसॉर्ट कौसानी
सागर होटल
कृष्णा होटल
प्रशांत होटल
नेचर वैली होटल
हिल पैलेस होटल
हेरीटेज रिसॉर्ट
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कौसानी कैलाश सिंह नेगी तथा फायर स्टेशन बैजनाथ के इंचार्ज लीडिंग फायरमैन आनंद सिंह बोरा भी मौजूद रहे।
पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा ने होटल संचालकों से कहा, “पर्यटकों की जानमाल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच और स्टाफ को प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से कराएं।”
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर ने बताया कि जनपद के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों – कौसानी, बैजनाथ, गरुड़, कांडा आदि में यह अभियान जारी रहेगा और जल्द ही अन्य क्षेत्रों के होटल-गेस्ट हाउसों का भी निरीक्षण कराया जाएगा।
पर्यटक सीजन के चलते कौसानी में इन दिनों भारी भीड़ है। प्रशासन का यह कदम निश्चित रूप से सराहनीय है और इससे पर्यटकों को सुरक्षित ठहरने का भरोसा मिलेगा।
