72 लोग शिकायत लेकर शिविर में पहुंचे
बागेश्वर । जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को न्याय पंचायत भराड़ी के कपकोट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित हुआ। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने शिविर में विभागीय स्टालों का अवलोकन किया। योजनाओं की जानकारी ले रही महिलाओं एवं स्थानीय शिल्पकारों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अधिकारियों को जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित न रखने के निर्देश दिए। आपदा से संबंधित सभी एस्टीमेट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। शिविर में 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से लगभग 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के लिए अग्रसारित किया गया। बहुउद्देशीय शिविर में 640 लाभार्थियों ने प्रतिभाग कर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, उप जिलाधिकारी कपकोट अनिल चन्याल, ब्लाक प्रमुख भावना शाही, विक्रम सिंह शाही आदि उपस्थित थे।
