सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम गम्भीर, अधिकारी करे ये काम
बागेश्वर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां त्वरित सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि कार्यों के पूर्व व पश्चात के फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर देते हुए ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित और प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित प्राप्त सभी शिकायतों की सूची तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बागेश्वर–बैजनाथ मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों को देखते हुए कार्यदायी संस्था को सुरक्षा की दृष्टि से एक गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य 01 मार्च तक पूर्ण करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त एसडीएम, पुलिस, एआरटीओ एवं संबंधित सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को संयुक्त निरीक्षण कर सड़कों की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को चिन्हित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्य करने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय पांडे, अमित पटेल, एआरटीओ अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
