June 29, 2026

अल्मोड़ा मैग्नेसाइट के 288 कर्मचारियों को डीएम का तोहफा,4 करोड़ भुगतान

बागेश्वर । जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के प्रभावी हस्तक्षेप एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप कंपनी के लगभग 288 कर्मचारियों की भविष्य निधि मद की लगभग 4 करोड़ रुपये की लंबित धनराशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया है। जो एक वर्ष से लंबित थे।

कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था तथा कंपनी के प्रबंध निदेशक को ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए थे। जिला प्रशासन के प्रयासों का परिणाम रहा कि न केवल वर्तमान कर्मचारियों, बल्कि पूर्व में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों की वैधानिक देय राशि भी उनके खातों में प्रेषित की गई।

कंपनी के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय, हल्द्वानी के साथ समन्वय कर सभी लंबित प्रकरणों का समाधान किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस भुगतान प्रक्रिया में कंपनी छोड़ चुके एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी भी सम्मिलित रहे।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जिलाधिकारी के प्रयासों से अल्मोड़ा मैग्नेसाइट लिमिटेड के 227 कर्मचारियों को 48 लाख रुपये के बोनस का भुगतान कराया गया था।

You may have missed