सुरक्षा के मोर्चे पर सतर्क बागेश्वर पुलिस: गन हाउस निरीक्षण में सब कुछ मिला दुरुस्त
बागेश्वर। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शस्त्रों के संभावित दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की दिशा में बागेश्वर पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए सघन निरीक्षण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कोतवाली पुलिस टीम ने स्थानीय प्रतिष्ठित ‘प्रेम लाल शाह जगती गन हाउस’ का औचक निरीक्षण कर शस्त्रों, कारतूसों तथा अभिलेखों का सूक्ष्म परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकान में उपलब्ध समस्त शस्त्रों और कारतूसों का स्टॉक रजिस्टर से सावधानीपूर्वक मिलान किया गया, जबकि लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और बिक्री के रिकॉर्ड की गहन समीक्षा भी की गई। सुरक्षा मानकों के अंतर्गत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता और अग्निशमन उपकरणों की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। विशेष संतोष की बात यह रही कि जांच के दौरान प्रतिष्ठान का समस्त स्टॉक और अभिलेख नियमों के अनुरूप पाए गए, जिससे स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता स्पष्ट हुई।
निरीक्षण टीम ने शस्त्र विक्रेता को शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों का अक्षरशः पालन करने, स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा सुरक्षा मानकों और सीसीटीवी निगरानी में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस की यह सक्रियता जनपद में कानून-व्यवस्था के प्रति प्रशासन की गंभीरता और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश देती हैं।
