Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

आर्थिक तंगी के चलते परिचितों से मदद लेने पहुंचा हत्यारोपी गिरफ्तार


अल्मोड़ा ।  सोमेश्वर क्षेत्र के रस्यारागांव में दिव्यांग व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रविवार को पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को करबला तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब है कि विगत 24 जनवरी को रस्यारागांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान कुन्दन राम के रूप में हुई। अगले दिन मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर पर दीपक पांडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। कोतवाली सोमेश्वर और एसओजी की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए तकनीकी और सर्विलांस सहायता से लगातार तलाश की। इसके बाद रविवार को को आरोपी दीपक पांडे को करबला तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 18 जनवरी की शाम रास्ते में विवाद होने पर उसने पत्थर से कुन्दन राम के सिर पर प्रहार कर दिया था। घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और बनारस में छिपता रहा। आर्थिक तंगी के कारण वह अल्मोड़ा लौटकर परिचितों से मदद लेने आया था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के घर से घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले के खुलासे पर पुलिस टीम को एक हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी, अपर उपनिरीक्षक फिरोज खान, हेड कांस्टेबल हरीश आर्या, कांस्टेबल राजेश भट्ट, गोरखनाथ और नीरज मेहरा शामिल रहे।

Advertisement