Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

नशे के कारोबार पर पुलिस का कठोर शिकंजा: आदतन अपराधी पर ‘गुंडा एक्ट’ की कार्रवाई


बागेश्वर। जनपद को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत बागेश्वर पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध निर्णायक प्रहार करते हुए एक आदतन अपराधी पर कठोर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली बागेश्वर पुलिस द्वारा किए गए इस अभियान के तहत नशे के धंधे में संलिप्त शातिर अभियुक्त के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त अनिल कुमार पुत्र जगदीश राम, निवासी घटबगड़ वार्ड, लंबे समय से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और क्रय-विक्रय में सक्रिय था। उसकी गतिविधियों को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं और पूर्व में भी वह नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर जेल जा चुका है। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास और निरंतर अवैध गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए गुंडा एक्ट के तहत कठोर कदम उठाया है, ताकि क्षेत्र में नशे के फैलते जाल पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करें। यदि आसपास कोई व्यक्ति मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Advertisement