सिलेंडर वितरण व्यवस्था चरमराई, बागेश्वर में बढ़ा जनाक्रोश—72 घंटे में सुधार न हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
बागेश्वर। जनपद मुख्यालय में घरेलू गैस सिलेंडर वितरण प्रणाली में लगातार आ रही अव्यवस्था को लेकर अब जनाक्रोश तेज हो गया है। पूर्व में तय रोस्टर प्रणाली के अनुसार नियमित आपूर्ति न होने से स्थिति गंभीर बनती जा रही है। कई वार्डों में दो-दो सप्ताह तक सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे आम जनता और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मुद्दे को लेकर “संघर्ष वाहिनी बागेश्वर” के बैनर तले जिला पूर्ति कार्यालय में प्रदर्शन किया गया और वितरण प्रणाली में तत्काल सुधार की मांग उठाई गई। संगठन के जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में पहुंचे सदस्यों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में गैस वितरण के लिए जो रोस्टर तय किया गया था, वह पूरी तरह से गड़बड़ा गया है। नियत तिथियों पर संबंधित वार्डों में सिलेंडर नहीं पहुंचने से लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पूर्व की भांति रोस्टर प्रणाली को व्यवस्थित रूप से लागू किया जाए और विभाग को प्राप्त बुकिंग के अनुसार ही संबंधित क्षेत्रों में समय पर सिलेंडर भिजवाए जाएं। साथ ही यह भी कहा गया कि विभागीय संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
व्यापारियों की समस्याओं को उठाते हुए संगठन ने आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से व्यावसायिक सिलेंडरों का वितरण भी बाधित है, जबकि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। शासन के निर्देशानुसार निर्धारित दो प्रतिशत कोटे के तहत प्रतिदिन व्यापारियों को व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इसमें धरना-प्रदर्शन के साथ कार्यालय में तालाबंदी जैसी कार्रवाइयां भी शामिल होंगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान मनोज जोशी, अंकुर उपाध्याय, नीरज मनवाल, विनोद थापा, विजय परिहार और नवनीत बिष्ट सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
