April 4, 2026

रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार उप शिक्षा अधिकारी, सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई


देहरादून ।  जनपद देहरादून में सतर्कता विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उप शिक्षा अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।  थाना सतर्कता सैक्टर देहरादून में पंजीकृत मुकदमा संख्या 7/2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत यह कार्रवाई की गई। सतर्कता टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के दौरान अभियुक्त धनवीर सिंह बिष्ट, उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला को गिरफ्तार किया। उनके साथ पुष्पांजलि, निवासी डालनवाला, को भी हिरासत में लिया गया। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता से गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत पढ़ रहे छात्रों की प्रतिपूर्ति बिल पास कराने के बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सतर्कता टीम ने योजना के तहत जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़े गए, उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।