Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

गरुड में नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई और कांग्रेस का प्रदर्शन


बागेश्वर, गरुड ।   नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कड़ा विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने बैजनाथ-ग्वालदम तिराहे पर सरकार का पुतला दहन कर छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। सभा में वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक सरकार की बड़ी विफलता है। परीक्षाओं की तैयारी में छात्र-छात्राओं का वर्षों का परिश्रम और परिवारों की मेहनत दांव पर लग रही है, लेकिन सरकार दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरुड़ के अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की तैयारी में छात्रों का बहुमूल्य समय और अभिभावकों की मेहनत लगती है।
ऐन मौके पर पेपर लीक होने से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं विशाल फर्स्वाण ने कहा कि पिछले एक दशक में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कोटा में छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शन में भानू रावत, महेंद्र सिंह रावत, अनिल कुमार, दीपक कोहली, दिवाकर तिवारी, एसपी सिंह, मोहन सिंह, भुवन सिंह बिष्ट, जितेंद्र सिंह बिष्ट, हरीश जीना, लक्ष्मण कुमार आर्य और प्रकाश चंद्र आर्या समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement