June 25, 2026

नीट पेपर लीक मामले पर कांग्रेस का हमला, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप


अल्मोड़ा ।   जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को लेकर सामने आ रहे विवादों और परीक्षा प्रणाली की खामियों ने लाखों छात्रों एवं अभिभावकों को चिंता में डाल दिया है। भोज ने कहा कि वर्षों की मेहनत, पढ़ाई और परिवारों के आर्थिक त्याग के बाद यदि परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का विश्वास सरकारी संस्थाओं से कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में अनियमितता का सीधा असर उन लाखों छात्रों पर पड़ता है जो डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं। एक छात्र कई वर्षों तक तैयारी करता है और परिवार अपनी जमा पूंजी उसकी पढ़ाई पर खर्च करता है, लेकिन परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठने से उनकी मेहनत प्रभावित होती है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में बार-बार सामने आ रही खामियों पर जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने मांग की कि नीट से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए, पेपर लीक या अन्य अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो, परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर मजबूत व्यवस्था बनाई जाए। भोज ने कहा कि देश का युवा रोजगार, भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं से परेशान है। सरकार को युवाओं की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं की आवाज उठाती रही है और आगे भी उनके हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता मनोज तिवारी, नगर अध्यक्ष ताराचंद्र जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।