July 9, 2026

अब दो अनशनकारियों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में किए भर्ती


चमोली । राजकीय इंटर कॉलेज नंदानगर में विज्ञान विषय शुरू कराने की मांग के लिए ग्रामीणों का अनशन लगातार जारी है। अब बुधवार को अनशन पर बैठे दो लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अब उनके स्थान पर बुजुर्ग समेत दो ग्रामीण बैठ गए हैं। तहसील नंदानगर में ग्रामीणों का 25 मई से धरना चल रहा है। ग्रामीणों ने 30 जून से आमरण अनशन भी शुरू कर दिया। पहले चरण में तीन लोग अनशन पर बैठे जिसमें से दो की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनकी जगह पर दो अन्य लोग अनशन पर बैठे। मंगलवार को 30 जून से अनशन कर रहे जसपाल सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी नंदानगर में भर्ती कर दिया गया जबकि दो अन्य प्रकाश सिंह और सुंदरी राम डटे रहे। बुधवार सुबह चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की लेकिन कुछ देर बाद दोनों की तबीयत काफी खराब होने लग गई। सूचना पर तहसील प्रशासन व चिकित्सक मौके पर पहुंचे और दोनों अनशनकारियों को अस्पताल में भर्ती करा दिया। उनके उठने के साथ ही पडेर गांव निवासी हिम्मत सिंह (70) और घूनी के नरेंद्र सिंह (56) ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। वहीं अन्य ग्रामीण भी उनके समर्थन में धरने पर बैठे। उनका कहना है कि जब तक विद्यालय में विज्ञान विषय की स्वीकृति नहीं मिल जाती आंदोलन स्थगित नहीं किया जाएगा।