ऑपरेशन प्रहार: बिना लाइसेंस शराब परोसने पर जनरल स्टोर संचालक गिरफ्तार, 11 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद
बागेश्वर। उत्तराखण्ड पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने बिना लाइसेंस शराब बेचने और ग्राहकों को शराब परोसने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 जुलाई 2026 को थाना काण्डा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम खुनौली निवासी जगदीश कांडपाल (30 वर्ष) को उसके जनरल स्टोर में अवैध रूप से शराब परोसते हुए गिरफ्तार किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 बोतल अंग्रेजी शराब तथा शराब परोसने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास शराब रखने और परोसने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
आरोपी के खिलाफ थाना काण्डा में मुकदमा अपराध संख्या 14/2026 के तहत धारा 60(1)/21 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र मेहरा, हेड कांस्टेबल धीरज कुमार, कांस्टेबल राजकुमार एवं कांस्टेबल शेर अकबर खान शामिल रहे।
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और नशे के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
