Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

हरेला पर बागेश्वर में 60 हजार पौधों का होगा रोपण, हर परिवार को मिलेंगे दो निःशुल्क पौधे

बागेश्वर। हरेला पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से व्यापक पौधारोपण अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष जनपद में 60 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही प्रत्येक परिवार को वन एवं उद्यान विभाग की विभिन्न नर्सरियों से दो-दो पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

अभियान के तहत वन विभाग 45 हजार पौधे लगाएगा, जबकि उद्यान विभाग को 5 हजार, शिक्षा विभाग को 2 हजार, पंचायतीराज विभाग को 1,500 तथा बाल विकास विभाग को 500 पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है। रेशम, कृषि एवं भेषज विभाग को 1-1 हजार पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट विकासखंडों को भी 1-1 हजार पौधों का लक्ष्य आवंटित किया गया है।

वन विभाग द्वारा बांज, देवदार, आंवला, हरड़, नींबू, अमरूद, माल्टा, पदम, उतीस, मणिपुरी बांज समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। पौधों के वितरण के लिए छतीना, सरला, वज्यूला, पुरड़ा, मृगवन, मोनाल सहित विभिन्न वन एवं उद्यान नर्सरियों में पर्याप्त संख्या में पौधों की व्यवस्था की गई है।

इच्छुक नागरिक निर्धारित आवेदन पत्र भरकर संबंधित वन अथवा उद्यान विभाग की नर्सरी में जमा कर प्रति परिवार दो पौधे निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र में संबंधित नर्सरी, संपर्क अधिकारी और अन्य आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को समयबद्ध पौधारोपण एवं पौधों के सुचारु वितरण के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपदवासियों से हरेला पर्व पर अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

Advertisement