Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

एसआईआर के तहत प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया से राजनीतिक दलों को कराया अवगत

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा—पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से संपन्न होगी पुनरीक्षण प्रक्रिया

बागेश्वर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 13 अगस्त 2026 तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत आलेख्य प्रकाशन के बाद प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की स्थिति तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण से जुड़े विभिन्न चरणों, निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रिया में प्रत्येक स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से न छूटे और प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।

उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं उनके प्रतिनिधियों से एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की। साथ ही, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा आवश्यकता होने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से समन्वय बनाए रखने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी धनी राम टम्टा, कांग्रेस प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह खेतवाल तथा भाजपा प्रतिनिधि मदन राम आगरी सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Advertisement