August 14, 2026

नशे में वाहन चलाने वालों पर बैजनाथ पुलिस का शिकंजा

ड्रंक एंड ड्राइव अभियान में चालक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल सीज

गरुड़/बागेश्वर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर नशे में वाहन चलाने वाले एक चालक के खिलाफ कार्रवाई की।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने शशांक वर्मा पुत्र गिरीश लाल, निवासी स्यालदे टीट, बैजनाथ को मोटरसाइकिल संख्या UK-04-K-9708 को शराब के नशे में खतरनाक तरीके से चलाते हुए पकड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल चालक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मोटरसाइकिल को धारा 177/184/185/194D/146/196/179/207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।

पुलिस की सख्त अपील

बागेश्वर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाना न केवल चालक की जान को खतरे में डालता है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है—नशे में ड्राइविंग पर कोई रियायत नहीं, सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं।