कोट भ्रामरी मेले को भव्य बनाने की तैयारी तेज, 17 सितंबर से जुटेगा आस्था का सैलाब
तीन दिवसीय मेले को लेकर पहली बैठक में बनी रणनीति, सड़क, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
गरुड़, बागेश्वर। प्रसिद्ध कोट भ्रामरी मंदिर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले को लेकर पहली बैठक मेला अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख किशन बौरा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से मंथन किया। इस वर्ष मेला 17, 18 और 19 सितंबर को आयोजित होगा।
बैठक में विधायक पार्वती दास, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, तहसीलदार निशा रानी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण समेत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
सड़क से लेकर सुरक्षा तक विभागों को मिली जिम्मेदारी
मेले को लेकर लोक निर्माण विभाग को 10 से 15 सितंबर तक मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कोतवाल कैलाश नेगी से यातायात व्यवस्था के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। मेले में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने तथा 15 सितंबर से बाहरी दुकानदारों का सत्यापन करने पर भी सहमति बनी।
जिला पंचायत को मंदिर क्षेत्र में झाड़ियों की सफाई और नगर पंचायत गरुड़ को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी दी गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान स्टॉल लगाने तथा अग्निशमन विभाग की ओर से फायर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
मेले की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां तय
मेला संचालन की जिम्मेदारी एडवोकेट जगदीश आर्या को दी गई है। सांस्कृतिक व्यवस्था घनश्याम जोशी, कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी हेम वर्मा और रमेश जोशी, भोजन व्यवस्था संजय फर्स्वाण और मोहन सिंह भरड़ा तथा परिवहन व्यवस्था कुंदन भंडारी और राजू बोरा संभालेंगे।
सोशल मीडिया की जिम्मेदारी ठाकुर मेहरा को दी गई है। अनुशासन समिति में राजेंद्र बोरा, मंगल राणा, हेम रावत, दान सिंह बिष्ट और भगवत राणा को शामिल किया गया है।
भोजन की शुद्धता और बाइकर्स की समस्या भी उठी
बैठक में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण आर्या ने रास्तों की स्थिति का मुद्दा उठाया। जिला पंचायत सदस्य दीपक खुल्बे ने मेले के दौरान बाइकर्स से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान दिलाया। वहीं जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहनी ने भोजन स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग रखी।
5 करोड़ के मंदिर सौंदर्यीकरण प्रस्ताव पर भी चर्चा
बैठक में मानसखंड योजना के तहत करीब पांच करोड़ रुपये से प्रस्तावित मंदिर सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। इससे मंदिर परिसर के विकास और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए 7 सितंबर को कोट भ्रामरी मंदिर परिसर में सभी विभागों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की दोबारा बैठक होगी। बैठक में मेला आयोजन को श्रद्धा, संस्कृति, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ यादगार बनाने का संकल्प लिया गया।
