बारिश से फसल नुकसान पर किसानों को कर्ज माफी दे सरकार: उपाध्याय
रुद्रपुर। बीते दिनों हुई बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा व बीमा लाभ देने के साथ ही बैंक कृषि ऋण माफ करने की मांग किसान नेता व पूर्व दर्जा राय मंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने प्रदेश सरकार से की।यह बात उन्होंने मंगलवार को शांतिपुरी व आस-पास के गांवों में बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद किसानों की क्षतिग्रस्त फसलों के आंकलन के बाद अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। किसान नेता डा. उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में गेहूं की फसल, आम व लीची के बागानों की भारी क्षति हुई है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में फल उद्योग व परंपरागत फलों को भी भारी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि पहले से ही किसान लाकडाउन की मार झेल रहा है वहीं किसानों के कृषि लोन में सरकार ने ब्याज तक माफ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों में फसल बर्बादी और बैंक लोन नहीं चुका पाने से आत्महत्या कर चुके 13 किसानों को सरकार से अभी तक कोई मुआवजा नहीं मिला है। किसान नेता डा. गणेश उपाध्याय ने नैनीताल हाईकोर्ट के 26 अप्रैल 2018 को दिए गए आदेशों का हवाला देते हुए चेतावनी दी है कि किसानों की सभी 170 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य र्निधारण नहीं करने व सभी 170 फसलों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में नहीं लाने पर कृषि सचिव भारत सरकार व मुय सचिव उत्तराखण्ड सरकार के खिलाफ अवमानना का केस दायर कर देंगे।
