March 16, 2026

सीएचसी रानीखेत में दूरबीन विधि से ऑपरेशन की सुविधा शुरू

अल्मोड़ा। नगर के गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय में अब मरीजों को दूरबीन विधि के जरिए ऑपरेशन की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। पथरी समेत संबंधित विभिन्न सर्जरी से संबंधित जटिल रोगों एक दर्जन से अधिक मरीजों के सफल ऑपरेशनों ने गरीब मरीजों को संजीवनी देने का काम किया है। इससे भविष्य में जटिल रोगों के भी दूरबीन विधि से आसान ऑपरेशन होने की उम्मीद जगी है। चिकित्सालय में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी विभाग ने इस माह प्रयोगात्मक तौर पर दूरबीन विधि के जरिए मरीजों के ऑपरेशन शुरू करने की शुरुआत की। विभाग के सीनियर सर्जन डॉ. मुकेश जोशी ने दूरबीन विधि से एक मरीज के पित्त की थैली का सफल ऑपरेशन किया। इसके बाद कई अन्य मरीजों के पथरी, हरनिया, एपेंडिक्स, एक्टोपिक प्रेग्नेंसी, ओवरी के ट्यूमर, प्रोस्टेट, पेट की टीबी, पेट की चोट, एपेंडिक्स, कैंसर की स्टेजिंग आदि के भी सफल ऑपरेशन किए जा रहे हैं। मरीजों के लिए लेप्रोस्कोपिक सर्जरी वरदान साबित हो रही है। सीनियर सर्जन डॉ. जोशी ने बताया कि दूरबीन विधि के जरिए ऑपरेशन में चीर-फाड़ नहीं की जाती तथा सर्जरी दर्द रहित होती है। ऑपरेशन के दूसरे अथवा तीसरे दिन मरीज को असपताल से छुट्टी दे दी जाती है। चार-पांच दिन में मरीज अपने काम पर वापस लौट सकता है। उन्होंने बताया कि दूरबीन विधि का दूसरा लाभ यह भी है कि इसमें पूरे पेट की वीडियों स्क्रीनिंग के जरिए मरीज की अन्य बीमारियों की भी जांचें की जा सकती हैं। दूरबीन विधि से सर्जरी करने वाली टीम में सीनियर सर्जन डॉ. मुकेश के अलावा वरिष्ठ निश्चेतक डॉ. विनोद गड़कोटी, डॉ. नवीन बिष्ट, सिस्टर सावित्री, रेखा, दीपिका, महिपाल, नीमा, हरीश बिष्ट आदि शामिल हैं।