March 23, 2026

सेंचुरियन में केएल राहुल का कमाल, एक झटके में वीरेंद्र सहवाग, रवि शास्त्री और वीनू मांकड़ को छोड़ा पीछे


नई दिल्ली , । साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम दर्ज है। गावस्कर के बाद अब केएल राहुल दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट के पहले दिन केएल राहुल 122 रन बनाकर नॉटआउट लौटे और इस पारी के साथ उन्होंने एक झटके में रवि शास्त्री, वीरेंद्र सहवाग और वीनू मांकड़ को पीछे छोड़ दिया। यह राहुल का चौथा टेस्ट शतक है। सहवाग, शास्त्री और मांकड़ के खाते में तीन-तीन टेस्ट शतक दर्ज हैं। गावस्कर इस मामले में आठ शतकों के साथ टॉप पर हैं। गौतम गंभीर, मुरली विजय, राहुल द्रविड़ और विजय मर्चेन्ट में सलामी बल्लेबाज के तौर पर दो-दो शतक लगा चुके हैं। केएल राहुल ने पहले दिन मयंक अग्रवाल के साथ पारी का आगाज किया और दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी निभाई। मयंक 60 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद चेतेश्वर पुजारा गोल्डन डक का शिकार बने। विराट के साथ राहुल ने मिलकर टीम का स्कोर 199 रनों तक पहुंचाया। विराट अच्छी शरुआत के बाद 35 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने तीन विकेट पर 272 रन बना लिए हैं। राहुल अभी तक 248 गेंदों पर 122 रन बना चुके हैं। जबकि उनका साथ अजिंक्य रहाणे दे रहे हैं, जो 40 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
00

)एशेज सीरीज पर पड़ा कोरोना का साया
मेलबर्न ,। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीसरे एशेज टेस्ट के दूसरे दिन सोमवार को खेल की शुरुआत में आधा घंटे की देरी हुई क्योंकि इंग्लैंड खेमे में कोरोना संबंधित मामले की आशंका थी। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने कहा कि हमारे खिलाडिय़ों को खेलने की मंजूरी मिल गई है और अब सभी मैदान पर ही हैं।
खेल ऑस्ट्रेलियाई समय मुताबिक सुबह 10.30 पर शुरू होना था। इंग्लैंड के पहली पारी के 185 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट पर 61 रन बना लिए थे। इससे पहले इंग्लैंड क्रिकेट ने ट्वीट किया था, इंग्लैंड टीम और मैनेजमेंट इस समय टीम होटल में आरएफटी कोरोना जांच के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि टीम की फैमिली के ग्रुप में एक पॉजिटिव मामला आया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बाद में एक बयान में कहा, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को बताया गया है कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सहयोगी स्टाफ के दो सदस्य और उनकी फैमिली में से दो सदस्य कोरोना जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें आगे कहा गया, वे आइसोलेशन में हैं। इसके बाद सारे खिलाडिय़ों और सहयोगी स्टाफ का रैपिड एंटीजेन टेस्ट कराया गया और सब नेगेटिव आए हैं। इंग्लैंड क्रिकेट टीम का भी पीसीआर टेस्ट कराया गया। दोनों टीमें खेलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतेंगी।
00

)मयंक अग्रवाल के आउट होने पर मचा बवाल, फैन्स बोले- कैसे लिया गया यह फैसला
नई दिल्ली । टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट के पहले दिन 60 रनों की शानदार पारी खेली, उनकी यह पारी और भी लंबी हो सकती थी अगर वह जिस तरह से आउट दिए गए, वह नहीं हुआ होता। मयंक के आउट होने के फैसले को लेकर फैन्स में काफी गुस्सा है। मयंक 123 गेंद पर 60 रन बनाकर लुंगी एनगिडी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए, ऑन-फील्ड अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने रिव्यू लिया। रिप्ले में दिखाया गया कि गेंद लेग स्टंप पर लगकर निकलती और इस तरह से मयंक को आउट दिया गया। ट्विटर पर इसको लेकर हंगामा सा मच गया। मयंक खुद इस फैसले से बिल्कुल खुश नजर नहीं आए।
इस तरह से भारत ने 117 रनों पर अपना पहला विकेट गंवाया। राहुल और मयंक ने मिलकर टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दी थी। फैन्स का मानना है कि इस डीआरएस पर अंपायर्स कॉल फैसला आना चाहिए था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं और दक्षिण अफ्रीका को आखिरकार मैच का पहला विकेट नसीब हुआ।
मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारत ने मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 272 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 122 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि उनका साथ अजिंक्य रहाणे 40 रन बनाकर निभा रहे हैं। विराट कोहली 35 रन बनाकर आउट हुए, जबकि चेतेश्वर पुजारा गोल्डन डक का शिकार हुए।
00

)इंग्लैंड दल में मिले कोविड के चार मामले लेकिन तीसरा एशेज टेस्ट जारी
मेलबोर्न , ।  एशेज़ सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर रहे इंग्लैंड की टीम में कोरोना के चार मामले मिले। इसमें से दो कोचिंग स्टाफ़ और दो खिलाडिय़ों के पारिवारिक सदस्यों का मामला है। इसके कारण मेलबॉर्न में चल रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट का दूसरा दिन आधे घंटे देरी से शुरू हुआ। सभी खिलाडिय़ों का रैपिड ऐंटीजेन टेस्ट निगेटिव आने पर ही दूसरे दिन का खेल शुरू हुआ। हालांकि इन मामलों के आने के बाद सीरीज़ पर अब संकट के बादल छाने लगे हैं। सोमवार के खेल के बाद पूरे इंग्लिश दल का आरटीपीसीआर टेस्ट होगा।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा, प्रभावित लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है। पूरे इंग्लिश दल का रैपिड ऐंटीजेन टेस्ट हुआ है और निगेटिव आने पर ही वे मैदान में उतरे हैं। दिन के खेल के बाद सबका आरटीपीसीआर टेस्ट भी होगा। हम स्थिति पर नजऱ बनाए हुए हैं। अतिरिक्त सावधानियों के साथ यह मैच जारी रहेगा।
हालांकि सीए के स्वास्थ्य सलाहकारों का मानना है कि ऐसे हालात में मैच नहीं जारी रहना चाहिए। वहीं चैनल सेवन की कॉमेंट्री दल में भी एक पॉजि़टिव मामला आने के बाद चैनल ने पूरे कॉमेंट्री पैनल को बदल दिया है। इस दल में रिकी पोंटिंग और सर इयान बॉथम भी थे, जिन्हें आइसोलेट होना पड़ा है। अब बिग बैश लीग (बीबीएल) की कॉमेंट्री टीम इस टेस्ट मैच की कॉमेंट्री करेगी।
00

)ऑस्ट्रेलिया को मिली 82 रन की बढ़त
मेलबोर्न , । इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को तीसरे एशेज क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे दिन सोमवार को 267 रन पर आल आउट कर दिया। हालांकि ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 82 रन की महत्वपूर्ण बढ़त मिल गयी। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 185 रन बनाये थे।
ऑस्ट्रेलिया ने कल के एक विकेट खोकर 61 रन से आगे खेलना शुरू किया। मार्कस हैरिस ने 20 रन और नाईट वॉचमैन नाथन लियोन ने शून्य से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। लियोन 10 रन बनाकर ओली रॉबिन्सन का शिकार बने। मार्नस लाबुशेन एक ,स्टीवन स्मिथ 16, ट्रेविस हेड 27, कैमरून ग्रीन 17 और एलेक्स कैरी 19 रन बनाकर आउट हुए। हैरिस 189 गेंदों में सात चौकों के सहारे 76 रन बनाकर छठे बल्लेबाज के रूप में टीम के 180 के स्कोर पर पवेलियन लौटे।
निचले क्रम में कप्तान पैट कमिंस ने 32 गेंदों में 21 और मिशेल स्टार्क ने 37 गेंदों में 24 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को 82 रन की बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स एंडरसन ने 33 रन पर चार विकेट झटके जबकि रॉबिन्सन और मार्क वुड को दो-दो विकेट मिले।