आधी रात को मेडिकल कॉलेज के वार्ड ब्वॉय का अपहरण, पुलिस ने आरोपी के घर से किया बरामद
मेरठ । देर रात लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में कुछ दबंगों ने मेहमान को छोडक़र घर लौट रहे मेडिकल के अधेड़ वार्ड ब्वॉय का सडक़ से अपहरण कर लिया। आरोपियों ने अधेड़ को घर में बंधक बनाकर उसके साथ जमकर मारपीट की। परिजनों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने अधेड़ को बंधन मुक्त कराया। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। पीडि़त के एडवोकेट पुत्र ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
साउथ इस्लामाबाद निवासी एडवोकेट दानिश कुरैशी ने बताया कि उनके पिता मकसूद कुरैशी मेडिकल कॉलेज में वार्ड ब्वॉय हैं। दानिश का आरोप है कि उनके पड़ोस में रहने वाला अम्मार से उनका लेनदेन को लेकर कुछ विवाद चल रहा है। इसी के चलते अम्मार पिछले काफी समय से दानिश के परिवार से 10 लाख की डिमांड कर रहा था।
ब्रहस्पतिवार की रात करीब 12:00 बजे दानिश के पिता मकसूद घर पर आए एक मेहमान को छोडक़र सडक़ से वापस लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अम्मार और उसके दो अज्ञात साथियों ने मकसूद का अपहरण कर लिया। मकसूद को उठाकर आरोपी अम्मार के घर पर ले गए और उन्हें जमकर मारा-पीटा।
उधर, मामले की जानकारी मिलने पर दानिश ने घटना की जानकारी तत्काल थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के घर पर पहुंचकर बंधक बनाए गए मकसूद को मुक्त कराया। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। दानिश ने अम्मार सहित कुछ अज्ञात के खिलाफ अपने पिता के अपहरण और मारपीट की तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
