डीएम ने की आपदा प्रभावित निर्माण कार्यो की समीक्षा
बागेश्वर । आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों के निर्माण कार्यों के लिए तैयार प्रस्तावों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कार्यकारणी समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने राज्य आपदा मोचन निधि एवं राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि में प्राप्त 95 प्रस्तावों की समीक्षा की। जिसमें 25 प्रस्ताव को मंजूरी दी जबकि शेष प्रस्तावों को जल्द आपदा मानकों के अनुरूप शामिल कर प्रस्तुत करने के निर्देश सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा से जिन विभागीय एवं सार्वजनिक परिसम्पत्तियों को नुकसान हुआ है उनके पुनः निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के लिए अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था तत्परता से काम करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिन प्रस्तावों की स्वीकृति मिल चुकी है उनके कार्य जल्द प्रारम्भ कर लिए जाए। साथ ही जिन विभागों के प्रस्ताव मूल्यांकन समिति को उपलब्ध नही हुए है वे शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर समिति को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग,वाप्कोस,जिला पंचायत,खंड विकास कार्यालय कपकोट,सिंचाई विभाग व पीएमजीएसवाई को जल्द प्रस्ताव को मानक के अनुरूप तैयार कर मूल्याकंन समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिन योजनाओं के प्रस्तावों को स्वीकृति मिल चुकी है उनके निर्माण कार्यों को पूर्ण पारदर्शिता,गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरा करना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि संजय कुमार, जल संस्थान सीएस देवड़ी,सिचाई केके जोशी,ब्रीडकुल मंजीत देसवाल, आरडब्लूडी सुनील दत्ताल,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल,जिला शिक्षा अधिकारी विनय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
