June 19, 2026

बैजनाथ-ग्वालदम मार्ग को गड्ढा मुक्त बनाने को डीएम ने बीआरओ को दिया एक हफ्ते का अल्टीमेटम

बागेश्वर गरुड़ । जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बैजनाथ-ग्वालदम सड़क मार्ग की खराब स्थिति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए बीआरओ गौचर के अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण मार्ग को एक सप्ताह के भीतर गड्ढा मुक्त बनाने के सख्त निर्देश दिए हैं। यह निर्देश शनिवार को बीआरओ अधिकारी कैप्टन सीके बेहरा के साथ हुई मुलाकात के दौरान दिए गए।
शनिवार को बीआरओ गौचर के अधिकारी कैप्टन सीके बेहरा ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर उनके अधीन आने वाले बैजनाथ-ग्वालदम सड़क मार्ग की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया था।

इस दौरान जिलाधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि यह मार्ग कुमांऊ व गढवाल क्षेत्रों को आपस में जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। इसलिए, लोगों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के लिए इस पर पैच वर्क सहित आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करते हुए इसे आगामी एक सप्ताह के भीतर हर हाल में गड्ढा मुक्त किया जाए।

जिलाधिकारी भटगांई ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी प्रदान करना शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है, क्योंकि सड़कों की अच्छी हालत सीधे तौर पर जनता के जीवन और सुविधा को प्रभावित करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You may have missed