Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

एसपी बागेश्वर की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी सम्पन्न, अनुशासन व जनसेवा पर रहा विशेष जोर

बागेश्वर । पुलिस लाइन सभागार में आज पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर घोडके की अध्यक्षता में मासिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी बागेश्वर श्री अजय साह एवं क्षेत्राधिकारी कपकोट श्री मनीष शर्मा सहित जनपद के समस्त थाना-चौकी व शाखा प्रभारियों तथा पुलिस कर्मियों ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन में अधिकारियों व कर्मचारियों की व्यक्तिगत व विभागीय समस्याएं सुनी गईं और उनका मौके पर ही समाधान किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी कार्मिकों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही या नशे का सेवन करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्यवाही की जाएगी।

अपराध गोष्ठी में आगामी क्रिसमस, नववर्ष एवं उत्तरायणी मेले (बागेश्वर व कपकोट) को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा की गई। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मंदिरों और मेलास्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित अभियोगों के शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, न्यायालयों से जारी आदेशों की शत-प्रतिशत तामीली और एनबीडब्ल्यू की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

एसपी ने अवैध नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने, मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री में लिप्त अपराधियों पर कठोर कानूनी कार्यवाही करने तथा साइबर अपराधों में त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर पीड़ितों की शिकायतों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच पूरी करने, महिला व नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और जनपद में निवासरत बाहरी व्यक्तियों के शत-प्रतिशत सत्यापन को अनिवार्य बताया।

गोष्ठी के अंत में माह नवम्बर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने सम्मानित कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए अन्य कर्मचारियों से भी इसी प्रकार लगन व मेहनत से कार्य करने की अपेक्षा जताई तथा जनता के साथ शालीन व्यवहार और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।

Advertisement